Site icon Revoi.in

टेनिस दिग्गज राफेल नडाल के घर में पहली बार गूंजी किलकारी, पत्नी मारिया ने बेटे को दिया जन्म

Social Share

मैड्रिड, 9 अक्टूबर। विश्व टेनिस के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार और अब तक 22 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके राफेल नडाल अपने पहले बच्चे के पिता बन गए हैं। स्पेनिश मीडिया ने यह खबर दी। ‘द डायरियो डि मोलोर्का’ और स्पेन के अन्य अखबारों के अनुसार नडाल की पत्नी मारिया फ्रांसिस्का पेरेलो ने मायोर्का स्थित क्लीनिक में शनिवार को बेटे को जन्म दिया। यह दोनों का पहला बच्चा है।

रेयाल मैड्रिड ने दी बधाई

स्पेन के फुटबॉल क्लब रेयाल मैड्रिड ने ट्विटर अकाउंट से राफेल नडाल के बधाई दी है। क्लब ने लिखा – हमारे प्रिय मानद सदस्य राफेल नडाल और मारिया पेरेलो को उनके पहले बच्चे के जन्म के लिए बधाई। इस पल की खुशी बांटने में हम आपके साथ हैं। शुभकामनाएं!’ लेकिन जब नडाल की जन संपर्क फर्म से इस संबंध में पूछा तो उसने कहा कि वह उनके निजी मामलों पर कोई टिप्पणी नहीं करेगी।

2019 में हुई थी नडाल और मारिया की शादी

राफेल नडाल और मारिया की शादी तीन वर्ष पहले अक्टूबर, 2019 को हुई थी। इसमें सिर्फ करीबी लोगों को बुलाया गया था। उससे पहले जनवरी में दोनों ने इंगेजमेंट की घोषणा की थी। नडाल और मारिया 2005 से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। लेकिन उससे पहले से ही दोनों की पहचान है। मारिया लाइमलाइट से दूर रहती हैं। वह नडाल के मैचों में भी काफी कम नजर आती हैं।

मारिया फ्रांसिस्का पेरेलो की पहली नौकरी लंदन में स्पोर्ट्स मार्केटर की थी। लेकिन वह वर्तमान में राफा नडाल फाउंडेशन के लिए परियोजना निदेशक के रूप में कार्य करती है, जो नडाल ने 2008 में शुरू की थी।