Site icon hindi.revoi.in

उपचुनाव : तेलंगाना की मुनुगोड़े सीट पर सबसे ज्यादा 77.55 फीसदी वोटिंग, महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट फिसड्डी

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 3 नवम्बर। छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान छिटपुट घटनाओं के बीच संपन्न हो गया। इस चुनाव में अधिकतर सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और क्षेत्रीय दलों के बीच सीधा मुकाबला है। बिहार में दो सीटों – मोकामा और गोपालगंज में वोटिंग हुई जबकि महाराष्ट्र के अंधेरी (पूर्व) सीट, हरियाणा के आदमपुर, तेलंगाना के मुनुगोड़े, उत्तर प्रदेश के गोला गोकर्णनाथ और ओडिशा की धामनगर में मतदान कराया गया।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देर शाम उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार तेलंगाना की मुनुगोड़े सीट पर सबसे ज्यादा 77.55 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई वहीं महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट सीट फिसड्डी साबित हुई, जहां सिर्फ 31.74 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

सभी 7 सीटों पर मतदान प्रतिशत 

तेलंगाना में भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से बहस

तेलंगाना में मुनुगोड़े के चंदूर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदान में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पुलिस के साथ बहस की। एक भाजपा कार्यकर्ता ने कहा, ‘वारंगल का एक आदमी यहां पैसे लेकर आया था। हमने उससे पूछा कि वह वारंगल से यहां क्यों आया है। उसने कहा कि उसे पैसे भेजने के लिए कहा गया है, इसलिए वह यहां आया। हमने पुलिस को इसके बारे में बताया, लेकिन उन्होंने उसे पांच मिनट के भीतर जाने दिया।’

मुनुगोड़े सीट पर टीआरएस, कांग्रेस और भाजपा की टक्कर है। फिलहाल इनमें टीआरएस उम्मीदवार कुसुकुंतला प्रभाकर रेड्डी का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। कोमतीरेड्डी राज गोपाल रेड्डी कांग्रेस छोड़कर भाजपा उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमा रहे हैं। उनके ही त्यागपत्र से यहां उपचुनाव हो रहा है। कांग्रेस की प्रत्याशी पल्लवी श्रावंती हैं।

अंधेरी (पूर्वी) में शिवसेना का पलड़ा भारी

मुंबई के अंधेरी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र में कम मतदान के बावजूद शिवसेना का पलड़ा भारी है और उपचुनाव भाजपा उम्मीदवार के पिछले महीने मैदान से हटने के बाद महज औपचारिकता भर माना जा रहा है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना धड़े की उम्मीदवार रुतुजा लटके के अब आराम से जीत दर्ज करने की उम्मीद है। उनके खिलाफ छह उम्मीदवार हैं जिनमें से चार निर्दलीय हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस ने लटके की उम्मीदवारी का समर्थन किया है।

गोला गोकर्णनाथ : सपा ने भाजपा पर लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप

यूपी में समाजवादी पार्टी ने गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लालाहपुर, मदनपुर, लक्ष्मणजती के पोलिंग बूथ पर भाजपा के लोगों द्वारा कब्जा करने का आरोप लगाया और कहा कि सपा के वोटरों, बूथ प्रभारियों व एजेंटों को भगा दिया गया। सपा ने ट्वीट कर चुनाव आयोग से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की अपील की।

कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर में भाजपा की बड़ी जीत का किया दावा

हरियाणा की आदमपुर सीट पर भाजपा की कांग्रस, इनेलो और आम आदमी पार्टी से लड़ाई है। हालांकि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कद्दावर नेता कुलदीप बिश्नोई ने दावा किया है कि भाजपा यहां रिकॉर्डतोड़ मतों से जीतेगी।

बिहार में मुख्य मुकाबला भाजपा और राजद के बीच

बिहार की दो सीटों  – गोपालगंज व मोकामा पर मुख्य मुकाबला भाजपा और राजद के बीच है। इस उपचुनाव को  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की परीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है क्योंकि भाजपा से उनके अलगाव के बाद मुकाबला है। हालांकि नीतीश ने चोट का हवाला देते हुए उपचुनाव में प्रचार से दूरी बनाए रखी, जिसे लेकर काफी सवाल उठाए गए।

Exit mobile version