Site icon hindi.revoi.in

तेलंगाना में खौफनाक हत्याकांड : POCSO आरोपी ने पत्नी-बच्चों समेत 6 लोगों को चाकू से मार डाला, बदले की आशंका

Social Share

हैदराबाद। तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले के शाहाबाद क्षेत्र स्थित दैवलागुडा गांव में छह लोगों की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, POCSO एक्ट के एक आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, दो बच्चों, मामले की नाबालिग पीड़िता, उसकी मां और नानी की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी राजकुमार के खिलाफ कुछ दिन पहले एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ के आरोप में POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस का कहना है कि जमानत पर रिहा होने के बाद उसने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने सबसे पहले अपने घर में पत्नी और दो बच्चों पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह उस स्थान पर पहुंचा, जहां POCSO मामले की नाबालिग पीड़िता, उसकी मां और नानी मौजूद थीं। वहां भी उसने तीनों पर चाकू से हमला कर उनकी जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हत्याकांड की परिस्थितियों का पता लगा रही है पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और फोरेंसिक विशेषज्ञ सबूत इकट्ठा कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी जांच की निगरानी कर रहे हैं और घटना की जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि जांच आगे बढ़ने पर और जानकारी सामने आएगी। आरोपी पर जिन 6 लोगों की हत्या का आरोप लगा है, उसमें चिट्याला रुक्कम्मा (65), चिट्याला लक्ष्मी (45), नाबालिग लड़की (17), आरोपी की पत्नी पार्वती सरिता (30), आरोपी के दो बेटे परीक्षित (3) और दैविकक्षित (2) शामिल हैं।

Exit mobile version