Site icon Revoi.in

तेलंगाना: ए रेवंत रेड्डी आज लेगे सीएम पद की शपथ, समारोह में सोनिया गांधी समेत ये बड़े नेता होंगे शामिल

Social Share

हैदराबाद, 7 दिसंबर। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी (56) गुरुवार को यहां एलबी स्टेडियम में दोपहर 1.04 बजे शुभ समय पर राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। रेड्डी 2014 से के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के सत्ता में रहने के बाद तेलंगाना के दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदर्यंराजन उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।

सूत्रों के मुताबिक, रेड्डी के साथ उप मुख्यमंत्री के अलावा 10 और कांग्रेस विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, विधायक दल के पूर्व नेता भट्टी विक्रमार्क को उप मुख्यमंत्री पद मिल सकता है और अन्य वरिष्ठ नेताओं उत्तम कुमार रेड्डी, श्रीधर बाबू, कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी और डी.अनसूया (सीथक्का) को मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी।

पार्टी आलाकमान द्वारा तेलंगाना के अगले मुख्यमंत्री के रूप में रेड्डी के नाम की घोषणा करने के बाद वे मंगलवार शाम एक विशेष विमान से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ पार्टी के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। रेड्डी ने कांग्रेस के राज्य प्रभारी माणिकराव ठाकरे और कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का भी उनके चयन के लिए आभार व्यक्त किया।

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी , राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया व उपमुख्यमंत्री डी़ के. शिवकुमार समेत कर्नाटक के कई मंत्री और अन्य राज्यों के पार्टी नेताओं के शामिल होने की संभावना है।