Site icon Revoi.in

सोनिया गांधी, सीताराम येचुरी और डी राजा से मुलाकात के बाद बोले तेजस्वी यादव ­- बिहार का दृश्य पूरे देश में दिखेगा

Social Share

नई दिल्ली, 12 अगस्त। बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी. राजा से मुलाकात की। विपक्ष के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद उत्साहित राजद नेता ने कहा कि बिहार ने देश की राजनीति को फिर से नई दिशा दिखाई है तथा उनके प्रदेश में जो दृश्य दिखा है, वो आने वाले दिनों में पूरे देश में दिखने वाला है।

बिहार के लोग ‘बिकाऊ नहीं, टिकाऊ हैं’, उन्हें किसी एजेंसी से नहीं डराया जा सकता

गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का साथ छोड़ कर महागठबंधन का हिस्सा बन गए और उसके अगले ही दिन नीतीश की अगुआई वाली नई सरकार में तेजस्वी यादव ने दूसरी बार राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस नए राजनीतिक घटनाक्रम के बाद पहली बार दिल्ली आए तेजस्वी ने यह भी कहा कि बिहार के लोग ‘बिकाऊ नहीं, टिकाऊ हैं’ तथा उन्हें किसी एजेंसी से नहीं डराया जा सकता।

सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद तेजस्वी ने संवाददाताओं से कहा, ‘बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद आज पहली बार दिल्ली आया हूं। आज अपने साथी घटक दलों के शीर्ष नेतृत्व से मिला हूं। येचुरी जी, राजा जी और सोनिया गांधी जी से मुलाकात हुई है। नई सरकार को लेकर सभी लोगों ने बधाई दी। हम सभी लोगों ने नीतीश जी के निर्णय का स्वागत किया है।’

नीतीश जी के निर्णय ने सही समय पर भाजपा को तमाचा मारने का काम किया है

तेजस्वी का कहना था कि यह सरकार मजबूती के साथ चलेगी क्योंकि यह गरीब की सरकार और आम जनता की सरकार है।  उन्होंने कहा, ‘नीतीश जी के निर्णय ने सही समय पर भाजपा को तमाचा मारने का काम किया है। भाजपा को छोड़कर सभी दल एकजुट हो चुके हैं। यही दृश्य पूरे देश में दिखेगा। पूरे देश में लोग महंगाई और बेरोजगारी से परेशान हैं। जो लोग हिन्दू-मुसलमान को लड़वाकर राज करना चाहते थे, जो गंगा-जमुनी तहजीब को नुकसान पहुंचाना चाहते थे, उन्हें बिहार ने जवाब दिया है।’

बिहार के डिप्टी सीएम ने दावा किया, ‘मध्य प्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र में हमने देखा कि जो डरेगा, उसे डराओ और जो बिकेगा, उसे खरीदो, यही काम भाजपा का रह गया है। हर संवैधानिक संस्था को एक-एक करके बर्बाद किया जा रहा है। ईडी और सीबीआई की हालत एक थाने से भी बदतर हो गई है।’ उन्होंने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा, ‘बिहारी डरता नहीं है। बिहार बिकाऊ नहीं, टिकाऊ है। हम किसी नहीं डरते हैं। हम स्वाभिमान वाले लोग हैं।’

उन्होंने यह भी कहा, ‘क्षेत्रीय पार्टियां ज्यादातर पिछड़ों और दलितों की हैं…क्षेत्रीय दल खत्म हो जाएंगे तो विपक्ष खत्म हो जाएगा। विपक्ष खत्म होगा तो लोकतंत्र खत्म होगा। लोकतंत्र खत्म होगा तो देश में तानाशाही चलेगी।’

‘देश को बचाना है, इसलिए हम एक हुए हैं

तेजस्वी ने कहा, ‘नीतीश जी ने हम पर आरोप लगाया, हमने उन पर आरोप लगाया। हम दोनों एक ही विचार के हैं…हम समाजवादी हैं। उन्होंने जो निर्णय लिया है, वो स्वागत योग्य है। जब राष्ट्रीय हित का विषय होता है तो हमारी जिम्मेदारी बनती है। ये दंगा-फसाद करना चाहते हैं…हमारे देश की यही खूबसूरती है कि यहां विविधिता में एकता है। देश को बचाना है, इसलिए हम एक हुए हैं।’

‘जंगलराज तो केंद्र में है, जहां भाजपा के सांसद चूं तक नहीं कर सकते

भाजपा के ‘जंगलराज’ से संबंधित आरोपों पर तेजस्वी ने कहा, ‘जंगलराज में खड़े होकर चिल्लाओ और आपका कोई मुंह नहीं तोड़े तो फिर जंगल राज कैसा है? जंगलराज तो केंद्र में है, जहां भाजपा के सांसद चूं तक नहीं कर सकते…एनसीआरबी का आंकड़ा उठाकर देख लीजिए। बिहार का स्थान कहां पर है…सच्चाई बाहर आएगी।’

इससे पहले, राजद नेता ने येचुरी और राजा से मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘सीताराम येचुरी जी एवं डी. राजा जी से मिलकर देश और राज्य की वर्तमान सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक परिस्थितियों पर सकारात्मक चर्चा हुई। लोकतंत्र की जननी बिहार ने फिर देश को दिशा दिखाई है।’

येचुरी ने ट्वीट कर कहा, ‘बिहार में धर्मनिरपेक्ष महागठबंधन सरकार के गठन पर तेजस्वी यादव से आज मिल कर और बधाई दे कर खुशी हुई। हमें पूरा यकीन है कि यह सरकार अपने सारे फैसले बिहार की जनता – खास तौर पर गरीब, शोषित और वंचित वर्ग – के हक में करेगी।’