Site icon hindi.revoi.in

ICC टी20 विश्व कप : टीम इंडिया ने लगाया जीत का चौका, शिवम व वरुण ने नीदरलैंड्स के संघर्ष पर लगाया विराम

Social Share

अहमदाबाद, 18 फरवरी। हरफनमौला शिवम दुबे के तूफानी अर्धशतक (66 रन, 31 गेंद, छह छक्के, चार चौके) के बाद वरुण चक्रवर्ती (3-14) की फिरकी के जादू से टीम इंडिया ने ICC टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में बुधवार को यहां नीदरलैंड्स को 17 रनों से हराकर लगातार चौथी जीत से प्रारंभिक लीग चरण का समापन किया।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ शिवम के आकर्षक पचासे और उनकी कप्तान सूर्यकुमार यादव (34 रन, 28 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व हार्दिक पंड्या (30 रन, 21 गेंद, तीन छक्के) संग दो बहुमूल्य साझेदारियों से 20 ओवरों में छह विकेट पर 193 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाबी काररवाई में वरुण व शिवम दुबे (2-35) ने नीदरलैंड्स के संघर्ष पर विराम लगाया, जो सात विकेट पर 176 रनों तक जा पहुंचा था।

टी20 विश्व कप में भारत की जीत का सिलसिला 12 मैचों तक पहुंचा

वस्तुतः टी20 विश्व कप में भारत की यह लगातार 12वीं जीत है। प्रतियोगिता के पिछले संस्करण में रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम इंडिया में सभी आठ मैचों में अजेय रहते हुए उपाधि जीती थी। मौजूदा संस्करण की बात करें तो भारत चार मैचों में अजेय रहते हुए आठ अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रहा।

अजेय भारत 8 अंकों के साथ ग्रुप ए में शीर्षस्थ

इसके पूर्व आज ही कोलंबो में खेले गए ग्रुप के एक अन्य मैच में पाकिस्तान ने नामीबिया को 102 रनों से रौंदने के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर 8 की लाइनअप पूरी की थी। पाकिस्तान ने चार मैचों में तीन जीत से छह अंक बटोरे। वहीं नीदरलैंड्स ने अपने अभियान का अंत चार मैचों में एक जीत से दो अंकों के साथ किया। अमेरिका (चार अंक) तीसरे स्थान पर रहा जबकि नामीबियाई टीम खाता खोलने में असफल रही।

स्कोर कार्ड

कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरे नीदरलैंड्स की पारी देखें तो बास डि लीडे ने सर्वाधिक 33 रन (23 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) बनाए। बाद में नोह क्रोस (नाबाद 25 रन, 12 गेंद रन, पांच चौक) व जैक लियोन कैशे (26 रन, 16 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने सातवें विकेट के लिए 23 गेंदों पर 47 रनों की तेज साझेदारी से टीम को लक्ष्य के करीब तक पहुंचाया, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला पाए।

दुबे ने पंड्या व सूर्या संग कीं उपयोगी भागीदारियां

इसके पूर्व दुबे ने अपने करिअर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली और हार्दिक पंड्या के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों पर 76 रनों की साझेदारी की। दुबे ने इसके पहले सूर्या संग भी चौथे विकेट पर भी 41 उपयोगी रन जोड़ते हुए स्कोर 110 रनों तक पहुंचाया था।

दुबे व पंड्या के ही प्रयासों से भारत अंतिम पांच ओवरों में 75 रन जोड़ने में सफल रहा। नीदरलैंड्स की ओर से तेज गेंदबाज लोगान वान बीक सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 56 रन देकर तीन विकेट चटकाए। ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त ने 19 रन पर दो विकेट हासिल किए।

अभिषेक शर्मा ने शून्य की हैट्रिक जमाई

इसके पूर्व भारतीय पारी के दौरान अभिषेक शर्मा का मौजूदा विश्व कप में खाता खुलने का इंतजार जारी रहा और वह लगातार तीसरे मैच में शून्य पर पैवेलियन लौट गए। वह आर्यन की सीधी गेंद को पूरी तरह से चूककर बोल्ड हुए।

पिछले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के हीरो तूफानी पचासा जड़ने वाले ईशान किशन (18 रन, सात गेंद, एक छक्का, दो चौके) व तिलक वर्मा (31 रन, 27 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) ने तेज हाथ दिखाए। लेकिन दोनों ही अपनी पारी को विस्तार नहीं दे सके। हालांकि सूर्या, शिवम व पंड्या ने दल दो 200 के लपेटे में पहुंचा दिया, जहां डच टीम की पहुंच नहीं बन सकी।

सुपर 8 में भारत का पहला मैच 22 फरवरी को इसी मैदान पर

भारतीय टीम अपना अगला मैच इसी मैदान पर सुपर 8 चरण में रविवार (22 फरवरी) को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी। सुपर 8 में भारत के ग्रुप एक में जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज व दक्षिण अफ्रीका को रखा गया है जबकि ग्रुप दो में श्रीलंका, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड की टीमें हैं।

Exit mobile version