Site icon hindi.revoi.in

ताइपे ओपन : तन्वी शर्मा आसान जीत से फाइनल में, उन्नति हुडा सीडेड खिलाड़ी से परास्त

Social Share

ताइपे सिटी, एक अगस्त। किशोरवय भारतीय शटलर तन्वी शर्मा ने शनिवार को यहां चीनी ताइपे की हुआंग यु सुन पर सीधे गेमों में जीत दर्ज करके ताइपे ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के फाइनल में प्रवेश किया। लेकिन उन्नति हुडा को सेमीफाइनल में वियतनाम की सीडेड खिलाड़ी से हार का सामना करना पड़ा।

विश्व जूनियर चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता व पिछले वर्ष यूएस ओपन सुपर 300 में उपविजेता रहीं पंजाब की 17 वर्षीय तन्वी ने सेमीफाइनल में पांचवीं सीड स्थानीय स्पर्धी यु सुन को सिर्फ 33 मिनट में 21-17, 21-11 से पराजित किया।

फिलहाल महिला एकल फाइनल भारत का घरेलू मामला बनने से रह गया क्योंकि दूसरे सेमीफाइनल में उन्नति हुडा को वियतनाम की विश्व नंबर 21 थूई लिह्न गुयेन के हाथों 15-21 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। तन्वी अब रविवार को छठी वरीयता प्राप्त लिह्न गुयेन से भिड़ेंगी।

उल्लेखनीय है कि तन्वी 2024 में बैडमिंटन एशिया टीम चैम्पियनशिप में भारत की स्वर्ण पदक विजेता टीम का हिस्सा थीं। उन्होंने पिछले दो वर्षों में काफी प्रगति की है। उन्होंने 2025 में ओडिशा मास्टर्स सुपर 100 और गुवाहाटी मास्टर्स सुपर 100 में उपविजेता रहने के अलावा 2024 में बॉन इंटरनेशनल और 2025 में डेनमार्क चैलेंज जीता था।

Exit mobile version