Site icon Revoi.in

अफगानिस्तान : तालिबान का नया फरमान, अब महिलाओं के वाहन चलाने पर लगाई रोक

Social Share

नई दिल्ली, 5 मई। अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान ने एक बार फिर महिलाओं को लेकर नया फरमान जारी किया है। इसके तहत अब महिलाओं के वाहन चलाने पर रोक लगा दी गई है। इसी क्रम में हेरात शहर में तालिबानी अधिकारियों ने सभी ड्राइविंग इंस्टीट्यूट से महिलाओं का लाइसेंस जारी न करने का फरमान सुनाया है।

यह कोई पहला मौका नहीं है, जब अफगानिस्तान में महिलाओं को लेकर कोई पाबंदियां लगी हों। इससे पहले भी उनपर कई बंदिशें लगाई जा चुकी हैं। देखा जाए तो तालिबान की सत्ता में वापसी के साथ ही अफगानिस्तान में महिलाओं की हालत बद से बदतर होती जा रही है।

हालांकि हेरात शहर में ड्राइविंग करने वाली महिलाओं की संख्या पहले से ही कम हैं। लेकिन अब इस फैसले से उन्हें और झटका लगा है। आलम यह है कि जो औरतें पहले से ड्राइविंग कर रही थीं, उनसे भी यह अधिकार छीना जा रहा है।

गौरतलब है कि तालिबान ने काबुल पर कब्जा करने के बाद ही एलान कर दिया था कि वे 1996 के शासन के विपरीत इस बार महिलाओं के अधिकारों के साथ किसी कोई खिलवाड़ नहीं करेंगे। वे इस्लाम के दायरे में रहकर महिलाओं की शिक्षा और रोजगार के अवसर के मद्देनजर काम करेंगे। लेकिन तालिबान इसके उलट हर दिन महिलाओं के अधिकारों को सीमित करने की दिशा में काम कर रहा है।