Site icon Revoi.in

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में पहुंचीं स्वरा भास्कर तो एमपी के गृह मंत्री ने उठाए सवाल

Social Share

भोपाल, 1 दिसम्बर। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी की राज्य के उज्जैन जिले में हो रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर के शामिल होने पर सवाल उठाए हैं। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बयान जारी करते हुए कहा कि अभिनेत्री ऋचा चड्ढ़ा के भारतीय सेना पर दिए गए बयान को स्वरा भास्कर शक्ति दे रहीं थीं। स्वरा इसके पहले पाकिस्तान के समर्थन में भी बयान दे चुकी हैं।

डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कन्हैया कुमार, स्वरा भास्कर के साथ ही पाकिस्तान जिंदाबाद कहने वाले लोग भी राहुल गांधी की यात्रा में हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि ये यात्रा ‘भारत जोड़ो’ की जगह ‘भारत तोड़ो’ का समर्थन करती हुई नहीं दिख रही है क्या। स्वरा भास्कर आज उज्जैन जिले से शुरु हुई यात्रा में शामिल हुईं थी। वे लगभग छह किलोमीटर तक राहुल गांधी के साथ पैदल चलीं।

बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार सुबह उज्जैन से घटिया, घोंसला की ओर रवाना हुई। इस यात्रा में आज बालीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी उनकी यात्रा में शामिल हुईं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस नेता हरीश रावत, विधायक रामलाल मालवीय, मुरली मोरवाल और हजारों की भीड़ कदमताल करती चली। उनके स्वागत में बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे घंटों खड़े रहे। इस बीच वे सभी लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन करते रहे। यात्रा के दौरान आगे-आगे नेता, पीछे गाड़ियों का लंबा काफिला चल रहा था।