Site icon Revoi.in

RSS प्रमुख भागवत के बयान पर स्‍वामी प्रसाद मौर्य की तीखी प्रतिक्रिया, बोले – भारत कभी हिन्दू राष्‍ट्र नहीं रहा

Social Share

लखनऊ, 2 सितम्बर। राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत द्वारा हिन्दू राष्‍ट्र को लेकर दिए गए बयान पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्‍ट्रीय महासचिव स्‍वामी प्रसाद मौर्य ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भारत हिन्दू राष्‍ट्र नहीं है और न पहले कभी रहा। यह एक संप्रभु राष्‍ट्र है और यहां रहने वाले सभी लोग भारतीय हैं।

उल्लेखनीय है कि मोहन भागवत ने शुक्रवार को नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि भारत एक हिन्दू राष्ट्र है और सभी भारतीय हिन्दू हैं। हिन्दू सभी भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने लोगों की अपेक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ को इस सबके बारे में सोचना चाहिए। भागवत ने कहा था कि हिन्दुस्तान एक हिन्दू राष्ट्र है और यह एक सच्चाई है। वैचारिक रूप से, सभी भारतीय हिन्दू हैं और हिन्दू का मतलब सभी भारतीय हैं।

भागवत ने अपने संबोधन में कहा था, ‘वे सभी जो आज भारत में हैं, वे हिन्दू संस्कृति, हिन्दू पूर्वजों और हिन्दू भूमि से संबंधित हैं, इनके अलावा और कुछ नहीं। कुछ लोग इसे समझ गए हैं जबकि कुछ अपनी आदतों और स्वार्थ के कारण समझने के बाद भी इस पर अमल नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा, कुछ लोग या तो इसे अभी तक समझ नहीं पाए हैं या भूल गए हैं। हमारी विचारधारा की दुनियाभर में बहुत मांग है। वास्तव में इस विचारधारा का कोई विकल्प नहीं है।’

स्वामी प्रसाद बोले – भारत एक संप्रभु राष्ट्र है, यहां रहने वाले सभी लोग भारतीय

फिलहाल भाजपा छोड़ सपा में शामिल होने के बाद से अपने हिन्दू विरोधी बयानों से अकसर ही चर्चा में रहने वाले स्वामी प्रसाद मौर्या ने अब संघ प्रमुख को उनके इस बयान के बाद निशाने पर लिया।

स्‍वामी प्रसाद मौर्य ने आरएसएस प्रमुख के इस बयान को टैग करते हुए एक ट्वीट में लिखा, ‘भारत हिन्दू राष्ट्र नहीं है, पूर्व में भी कभी हिन्दू राष्ट्र नहीं था। भारत अपने आप में एक संप्रभु राष्ट्र है। हमारा संविधान पंथ निरपेक्ष राष्ट्र की अवधारणा पर आधारित है। भारत के सभी लोग भारतीय हैं। सभी धर्मों, पंथो, सम्प्रदायों व संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व हमारा भारतीय संविधान करता है।’ मौर्य ने हाल ही में बयान में कहा था हिन्दू कोई धर्म नहीं है।