Site icon Revoi.in

सुखविंदर सिंह सुक्खू का दावा – हिमाचल के 7 भाजपा विधायक जल्द कांग्रेस में होंगे शामिल

Social Share

शिमला, 10 दिसम्बर। कांग्रेस विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दावा किया है कि जल्द ही भाजपा के सात विधायक कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। साथ ही तीनों निर्दलीयों ने भी कांग्रेस को अपना समर्थन दे दिया है।

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सबसे स्थिर सरकार होगी

हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल सुक्खू ने कहा, ‘हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सबसे स्थिर सरकार होगी। 40 विधायक चुने गए और तीन अन्य विधायकों ने अपना समर्थन देने का वादा किया है। हम 43 विधायक हैं। कांग्रेस से कोई नहीं टूटेगा, लेकिन भाजपा के कुछ विधायक जरूर कांग्रेस में शामिल होंगे।’

शिमला के होटल सिसिल में विधायकों से मिलने के पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें पर्यवेक्षकों का विधायकों से बातचीत करने के बारे में कोई ज्ञान नहीं है। वह इस होटल में अपने विधायकों से मिलने के लिए पहुंचे हैं।

सुक्खू हो सकते हैं हिमाचल प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री

वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। शुक्रवार को शिमला में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की वन टू वन बैठक में 15 से अधिक विधायकों ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएम बनाने की बात कही है। हालांकि करीब 6 विधायकों ने प्रतिभा सिंह का भी नाम लिया है। कुछ विधायकों ने मुकेश अग्निहोत्री को अपनी पसंद बताया है। अन्य विधायकों का कहना था कि जो हाईकमान तय करेगा, वो मान्य होगा।

हालांकि सुक्खू ने कांग्रेस विधायकों की बैठक में शामिल होने से पहले कहा था कि वो सीएम बनने की रेस में नहीं है। उन्होंने कहा था कि पार्टी हाईकमान का जो भी फैसला हो, वह उन्हें स्वीकर होगा।