Site icon Revoi.in

हिमाचल प्रदेश : सुक्खू मंत्रिमंडल का विस्तार, विक्रमादित्य सिंह समेत 7 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

Social Share

शिमला, 8 जनवरी। सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेसशासित हिमाचल प्रदेश मंत्रिपरिषद का रविवार को विस्तार किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह सहित सात विधायकों ने सीएम सुक्खू की मौजूदगी में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।। इसके साथ ही मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की कुल संख्या अब नौ हो गई है।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने राजभवन में एक समारोह में नवनियुक्त मंत्रियों को शपथ दिलाई। विक्रमादित्य सिंह के अलावा नए शामिल मंत्रियों में सोलन से विधायक धनीराम शांडिल, कांगड़ा जिले के जावली से चंदर कुमार, सिरमौर जिले के शिल्लाई से हर्षवर्धन चौहान और जनजातीय किन्नौर जिले से जगत सिंह नेगी शामिल हैं। रोहित ठाकुर व अनिरुद्ध सिंह को भी मंत्रिपरिषद में जगह मिली है, जो क्रमश: जुब्बल-कोटखाई, कसुम्पटी और शिमला (ग्रामीण) से विधायक हैं।

राजधानी शिमला को मिले 3 मंत्री

शिमला को पहली ही सूची में तीन मंत्री मिले हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष के पद के अलावा, तीन पद अभी खाली रहेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने छह मुख्य संसदीय सचिव और संसदीय सचिवों को शपथ दिलाई। सुक्खू सरकार में छह मुख्य संसदीय सचिव और संसदीय सचिव बनाए गए हैं।

कैबिनेट में 10 रिक्तियां हैं क्योंकि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या 12 से अधिक नहीं हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कैबिनेट पदों के लिए 20 से अधिक उम्मीदवार पैरवी कर रहे थे, कुछ वरिष्ठता का हवाला दे रहे थे और अन्य जाति और क्षेत्र का कार्ड खेल रहे थे।