नई दिल्ली, 14 फरवरी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में पिछले कुछ दिनों से चल रही तेज हवाओं का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार दर्ज किया गया है और अधिकांश इलाके येलो (मध्यम) तथा ऑरेंज (खराब) जोन में पहुंच गए हैं। प्रदूषण के स्तर में आई इस गिरावट से लोगों को काफी राहत मिली है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 253, लोनी में 267, संजय नगर में 192 और वसुंधरा में 250 दर्ज किया गया।
वहीं नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 222, सेक्टर-62 में 177, सेक्टर-1 में 192 और सेक्टर-116 में 206 रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में भी वायु गुणवत्ता ऑरेंज जोन में रही। अलीपुर में एक्यूआई 235, आनंद विहार में 265, अशोक विहार में 240, बवाना में 244, बुराड़ी क्रॉसिंग में 205, चांदनी चौक में 225, सीआरआरआई मथुरा रोड पर 203, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 209 और डीटीयू में 207 दर्ज किया गया। हालांकि आया नगर में एक्यूआई 153 रहा, जो येलो जोन (मध्यम श्रेणी) में आता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं के कारण प्रदूषक कण वातावरण में ज्यादा देर तक नहीं ठहर पा रहे हैं, जिससे एक्यूआई में सुधार हुआ है। हालांकि कई इलाकों में सूचकांक अभी भी 200 के आसपास बना हुआ है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जाता। उधर, मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। 14 फरवरी को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 डिग्री रहा, जबकि 15 फरवरी को अधिकतम 27 और न्यूनतम 13 डिग्री दर्ज किया जाने की संभावना है। 16 फरवरी को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन दिनों सुबह के समय हल्की धुंध बनी हुई है और आर्द्रता का स्तर 90 से 40 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है। दोपहर के समय तापमान में वृद्धि के कारण सर्दी का असर कम होता दिख रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में अधिकतम पारा और बढ़ सकता है, जिससे दिन में गर्मी का प्रभाव और अधिक महसूस होगा।

