Site icon hindi.revoi.in

बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के बीच शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 961 अंक लुढ़का, निफ्टी 25200 के नीचे

Social Share

मुंबई, 27 फरवरी। बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के बीच कमजोर वैश्विक रुझानों और विदेशी पूंजी की ताजा निकासी से कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स जहां 961 अंक टूटकर 81,300 के नीचे जा गिरा वहीं एनएसई निफ्टी 318 अंकों की कमजोरी से 25,200 के नीचे जा सरका।

सेंसेक्स 1.17 प्रतिशत लुढ़ककर 81,287.19 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 961.42 अंक यानी 1.17 प्रतिशत लुढ़ककर 81,287.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,089.46 अंक यानी 1.32 प्रतिशत तक गिरकर 81,159.15 अंक जा पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 26 के स्टॉक कमजोर हुए और सिर्फ चार में तेजी दिखी।

निफ्टी 317.90 अंक गिरकर 25,178.65 पर बंद

इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 317.90 अंक यानी 1.25 प्रतिशत गिरकर 25,178.65 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 355.25 अंकों की कमजोरी से 25,141.30 तक जा फिसला था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ चार के शेयर मजबूत रहे जबकि 45 में गिरावट दर्ज की गई।

सन फार्मा के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.61 फीसदी गिरे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से सन फार्मा के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.61 फीसदी गिरे। उसके अलावा भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), महिंद्रा एंड महिंद्रा और मारुति सुजुकी भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, ट्रेंट, इन्फोसिस और इटर्नल के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

एफआईआई ने 3,465.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 3,465.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,031.57 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 प्रतिशत उछलकर 71.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Exit mobile version