मुंबई, 25 फरवरी। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार को ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली होने से घरेलू शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला और अंत में दोनों बेंचमार्क इंडेक्स मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स में 50 अंक की मजबूती रही जबकि एनएसई निफ्टी 58 अंकों की तेजी से 25500 के करीब जाकर ठहरा।
सेंसेक्स 0.06 प्रतिशत बढ़कर 82,276.07 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 50.15 अंक यानी 0.06 प्रतिशत बढ़कर 82,276.07 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 731.99 अंक चढ़कर 82,957.91 अंक तक पहुंच गया था। हालांकि सूचकांक ने 93.29 अंकों की गिरावट से 82,132.63 का निचला स्तर भी देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के शेयर बढ़त पर रहे जबकि 11 में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 57.85 अंक की बढ़त के साथ 25,482.50 पर बंद
दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 57.85 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,482.50 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक ने दिन के कारोबार में 227.95 अंकों की बढ़त से 25,652.60 अंक तक जा पहुंचा था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 37 के स्टॉक हरे निशान पर ठहरे और 13 में गिरावट दर्ज की गई।
एचसीएल टेक के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.80 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचसीएल टेक के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.80 फीसदी चढ़े। उसके अलावा टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी और टेक महिंद्रा के शेयरों में भी प्रमुख रूप से मजबूती रही। दूसरी तरफ रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, अदाणी पोर्ट्स और इटर्नल (जोमैटो) के शेयर गिरावट में रहे।
एफआईआई ने 102.53 करोड़ रुपये की शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 102.53 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,161.22 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.14 प्रतिशत गिरकर 70.67 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

