Site icon hindi.revoi.in

उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार लगभग सपाट बंद, सेंसेक्स 40 अंक कमजोर, निफ्टी 26000 के पार जाकर लौटा

Social Share

मुंबई, 11 फरवरी। लगातार तीन कारोबारी सत्र में तेजी के बाद घरेलू शेयर बाजार बुधवार को उतार-चढ़ाव के बीच लगभग सपाट बंद हुए। सीमित दायरे में हुए कारोबार के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वाहन शेयरों में खरीदारी से दोपहर तक दिख रही बढ़त आईटी शेयरों में मिले नुकसान से खत्म हो गई। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 40 अंक गिरा वहीं एनएसई निफ्टी 26,000 के स्तर के पार जाने के बाद लौटा और 19 अंक चढ़कर बंद हुआ।

सेंसेक्स 0.05% की मामूली गिरावट के साथ 84,233.64 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 40.28 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 84,233.64 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 84,487.24 अंक के ऊपरी और 84,081.25 अंक के निचले स्तर तक गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 14 के शेयर मजबूत हुए और 16 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 18.70 अंक बढ़कर 25,953.85 पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 18.70 अंक यानी 0.07 प्रतिशत बढ़कर 25,953.85 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने 26,009.40 अंक का ऊपरी और 25,899.80 अंक का निचला स्तर देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 28 के शेयर हरे निशान पर बंद हुए और 22 में कमजोरी रही।

TCS के स्टॉक में सबसे ज्यादा 2.51 प्रतिशत की गिरावट

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के स्टॉक में सर्वाधिक 2.51 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटर्नल, आईटीसी, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व और टाटा स्टील में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही।

SBI के शेयरों ने सर्वाधिक 3.40 प्रतिशत की बढ़त हासिल की

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शेयरों ने सर्वाधिक 3.40 प्रतिशत की बढ़त हासिल की। मारुति सुजुकी इंडिया, इंडिगो, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मास्यूटिकल्स, हिन्दुस्तान यूनिलीवर और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. के स्टॉक्स भी लाभ में रहे।

एफआईआई ने 69.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 69.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) ने 1,174.21 करोड़ रुपये की लिवाली की। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.44 प्रतिशत बढ़कर 69.78 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

Exit mobile version