Site icon hindi.revoi.in

Share Market: शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 336 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,000 के करीब

Social Share

मुंबई, 9 जुलाई। वैश्विक बाजारों से मिले मिश्रित संकेतों के बावजूद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूत शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में निवेशकों की खरीदारी के दम पर सेंसेक्स 336 अंक (0.42%) उछलकर 76,822 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 112 अंक (0.47%) की बढ़त के साथ 23,994.35 पर कारोबार करता दिखा। निफ्टी 24,000 के अहम स्तर के बेहद करीब पहुंच गया। बाजार में केवल लार्जकैप ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 करीब 550 अंक (0.90%) की बढ़त के साथ 61,876 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 181 अंक (0.96%) चढ़कर 18,964 पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स के प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में इटरनल, सन फार्मा, टाइटन, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, ट्रेंट, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, बीईएल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई, आईटीसी और एचयूएल शामिल रहे। वहीं इन्फोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और एनटीपीसी के शेयर दबाव में रहे। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी सेक्टर ने बाजार की तेजी की अगुवाई की। इसके अलावा फार्मा, हेल्थकेयर, मीडिया, इंफ्रा, प्राइवेट बैंक और एफएमसीजी सेक्टरों में भी मजबूती देखने को मिली। हालांकि आईटी और मेटल सेक्टर लाल निशान में कारोबार करते रहे।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया गिरावट के बाद निचले स्तरों पर निवेशकों की खरीदारी और विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी से बाजार को मजबूती मिल रही है। विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) पिछले छह कारोबारी सत्रों से लगातार खरीदारी कर रहे हैं। बुधवार को एफआईआई ने 1,963 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 790.16 करोड़ रुपये का निवेश किया।

एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला। टोक्यो, बैंकॉक और जकार्ता के बाजार बढ़त में रहे, जबकि शंघाई, हांगकांग और सोल के बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं अमेरिकी बाजारों में बुधवार को डाओ जोंस 1.09% की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक 0.20% की बढ़त के साथ बंद हुआ।

Exit mobile version