Site icon hindi.revoi.in

बड़ी गिरावट के अगले दिन शेयर बाजार ने की जबर्दस्त वापसी, सेंसेक्स 943 अंक चढ़ा, निफ्टी 25000 के पार

Social Share

मुंबई, 2 फरवरी। केंद्रीय बजट में वायदा सौदों पर प्रतिभूति लेनदेन कर (STT) बढ़ाने की घोषणा के चलते रविवार को विशेष कारोबारी सत्र के दौरान बड़ी गिरावट देखने वाले घरेलू शेयर बाजार ने सोमवार को जबर्दस्त वापसी की। इस क्रम में तेल एवं गैस, बैंक और वाहन कम्पनियों के शेयरों में जमकर हुई लिवाली से बीएसई सेंसेक्स 943 जहां अंक चढ़कर बंद हुआ वहीं एनएसई निफ्टी 263 अंकों की मजबूती से एक बार फिर 25,000 के पार जा पहुंचा।

सेंसेक्स 1.17% की बढ़त के साथ 81,666.46 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 943.52 अंक यानी 1.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,666.46 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,009.31 अंक चढ़कर 81,732.25 अंक के दिन के उच्चस्तर तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 25 के स्टॉक मजबूत रहे जबकि पांच में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 262.95 अंक चढ़कर 25,088.40 पर बंद

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 262.95 अंक यानी 1.06 प्रतिशत बढ़कर 25,088.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 282.65 अंक चढ़कर 25,108.10 अंक तक पहुंच गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 39 के शेयर हरे निशान पर बंद हुए और 11 में गिरावट रही।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी निचले स्तरों से अच्छी रिकवरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब एक प्रतिशत चढ़ा जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.6 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

सेक्टोरल इंडेक्स पर एक नजर

सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो FMCG, मेटल, ऑयल एंड गैस, एनर्जी, इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में एक से 2 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि आईटी सेक्टर इस तेजी से अछूता रहा और आईटी इंडेक्स में करीब 0.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

निवेशकों ने कमाए 4.63 लाख करोड़ रुपये

बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 450.61 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 455.23 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस प्रकार बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप एक सत्र में करीब 4.63 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.63 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।

पावर ग्रिड के स्टॉक में सबसे ज्यादा 7.61 प्रतिशत वृद्धि

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से पावर ग्रिड के स्टॉक में 7.61 प्रतिशत और अदाणी पोर्ट्स में 4.76 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन (यानी इंडिगो), आईसीआईसीआई बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ एक्सिस बैंक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, ट्रेंट और टाइटन के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए।

एफआईआई ने 588.34 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने रविवार को 588.34 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 4.88 प्रतिशत टूटकर 65.94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

Exit mobile version