Site icon hindi.revoi.in

पश्चिम एशिया में फिर उभरे तनाव से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 252 अंक फिसला, निफ्टी 86 अंक कमजोर

Social Share

मुंबई, 5 मई। होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी व ईरानी नौसैनिकों की ओर से ताजा गोलीबारी की खबरों के बीच पश्चिम एशिया में फिर उभरे तनाव से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव दिखा और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स में 252 अंकों की गिरावट रही जबकि निफ्टी 86 अंक कमजोर हुआ।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ता तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष विराम पर दबाव घरेलू बाजार में गिरावट की मुख्य वजह रही। इसके अलावा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। हालांकि कारोबार की शुरुआत में जो बड़ी गिरावट देखने को मिली थी, उसमें अंतिम घंटों में कुछ हद तक रिकवरी भी हुई।

सेंसेक्स 0.33 प्रतिशत गिरकर 77,017.79 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे सत्र में 251.61 अंक यानी 0.33 प्रतिशत गिरकर 77,017.79 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 754.37 अंक लुढ़ककर 76,515.03 के स्तर तक चला गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 12 के स्टॉक मजबूत रहे और 18 में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 24,032.80 अंक पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 86.50 अंक यानी 0.36 प्रतिशत टूटकर 24,032.80 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 33 के शेयर लाल निशान पर रुके तो 17 में बढ़त दर्ज की गई।

आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में सर्वाधिक 1.53 फीसदी गिरावट

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में सर्वाधिक 1.53 फीसदी गिरावट रही। टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस में बढ़त दर्ज की गई।

एफआईआई ने 2,835.62 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की

इस बीच ट्रेंड के विपरीत विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,835.62 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। उधर ब्रेंट क्रूड (कच्चा तेल) 113 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा जबकि रुपया दो पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.25 के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया।

Exit mobile version