Site icon hindi.revoi.in

Stock Market : कमजोर वैश्विक संकेतों से शेयर बाजार लाल निशान में खुला, सेंसेक्स 75,000 के नीचे

Social Share

मुंबई, 18 मई। कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार सोमवार के कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ खुला। सुबह सेंसेक्स 851 अंक या 1.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,422 और निफ्टी 246 अंक या 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,392 पर था। बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी जा रही है। सूचकांकों में निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी रियल्टी लूजर्स थे। निफ्टी मीडिया, निफ्टी ऑटो, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी पीएसई, निफ्टी कंजप्शन और निफ्टी एनर्जी के साथ करीब सभी सूचकांक लाल निशान में थे।

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी गिरावट देखी गई। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 246 अंक या 1.38 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 17,635 और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 690अंक या 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,876 पर था। सेंसेक्स पैक में इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस और भारती एयरटेल गेनर्स थे। पावर ग्रिड, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, एमएंडएम, एचयूएल, बजाज फाइनेंस, इंडिगो, एसबीआई, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, इटरनल, एशियन पेंट्स, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, बीईएल, एनटीपीसी और आईटीसी लूजर्स थे। ज्यादातर एशियाई बाजारों में लाल निशान में कारोबार हो रहा था।

टेक्यो, शंघाई, बैंकॉक, हांगकांग और जकार्ता लाल निशान में थे, जबकि सोल हरे निशान में था। अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे, जिसमें मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स में 1.07 प्रतिशत और टेक्नोलॉजी सूचकांक नैस्डैक में 1.54 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली थी। जानकारों के मुताबिक, भारत के साथ वैश्विक बाजारों के गिरने की वजह ईरान-अमेरिका तनाव के कारण कच्चे तेल में तेजी आना है। खबर लिखे जाने तक ब्रेंट क्रूड का दाम 1.79 प्रतिशत बढ़कर 111 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड का दाम 2.17 प्रतिशत बढ़कर 103 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।

इसके अलावा अमेरिका के 10 साल के बॉन्ड की ब्याज दर 4.63 प्रतिशत पर जाना भी वैश्विक बाजारों में बिकवाली के एक वजह है। विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार के सत्र में शुद्ध विक्रेता थे और इस दौरान उन्होंने 1,329.17 करोड़ रुपए की खरीदारी की थी। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने इस दौरान 1,958.82 करोड़ रुपए की इक्विटी में बिकवाली की।

Exit mobile version