मुंबई, 24 जुलाई। अमेरिका के संभावित नए व्यापार शुल्क से उपजी चिंताओं व पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच घरेलू शेयर बाजार लगातार पांचवें सत्र में गिरावट के साथ बंद हुआ। हालांकि कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को दोनों मानक सूचकांक शुरुआत की बड़ी गिरावट से कुछ हद तक उबरने में सफल रहे, फिर भी बीएसई सेंसेक्स 332 अंकों की गिरावट से जहां 76,000 के करीब जा खिसका वहीं एनएसई निफ्टी 102 अंकों के नुकसान में रहा।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार कच्चे तेल के दाम में मजबूती कायम रहने, विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बिकवाली से धारणा नकारात्मक रही। एशियाई बाजारों की कमजोरी से भी घरेलू स्तर पर बिकवाली का दबाव बढ़ा।
सेंसेक्स 331.62 अंकों की गिरावट से 76,059.77 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 331.62 अंक यानी 0.43 प्रतिशत गिरकर 76,059.77 पर बंद हुआ। कारोबार की शुरुआत में ही यह एक समय 916.96 अंक यानी 1.20 प्रतिशत लुढ़ककर 75,474.43 तक जा गिरा था, हालांकि बाद के घंटों में उतार-चढ़ाव के बीच इसमें कुछ हद तक सुधार हुआ और यह 76,000 के पार जाकर रुका। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 10 के शेयर लाभ में रहे तो 20 में कमजोरी रही।
निफ्टी 102.15 अंक फिसलकर 23,767.45 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 102.15 अंक यानी 0.43 प्रतिशत फिसलकर 23,767.45 अंक पर बंद हुआ। पिछली शाम के मुकाबले 203 अंक की कमजोरी से खुला सूचकांक जल्द ही 263.30 अंकों की गिरावट से 23,606.30 अंक तक जा फिसला था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 33 के स्टॉक नकारात्मक रहे तो 17 में बढ़त दर्ज की गई।
इटरनल के शेयर सबसे ज्यादा 2.34 फीसदी गिरे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से इटरनल के शेयर सबसे ज्यादा 2.34 फीसदी गिरे। बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स और इन्फोसिस सरीखी कम्पनियां भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, आईटीसी, एक्सिस बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे उतरा
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 2,999.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.66 प्रतिशत गिरकर 96.98 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। हालांकि पिछले सत्र में यह 100 डॉलर के पार चला गया था।

