Site icon hindi.revoi.in

बड़ी गिरावट से उबरा शेयर बाजार, रुपये में जोरदार उछाल से सेंसेक्स 185 अंक चढ़ा, निफ्टी 22700 अंक के पार

Social Share

मुंबई, 2 अप्रैल। ‘गुड फ्राइडे’ के अवसर पर शुक्रवार की बंदी से पहले घरेलू शेयर बाजार में काफी उठापटक देखने को मिली। दरअसल, राष्ट्र के नाम संबोधन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा युद्ध जारी रखने की घोषणा के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ खुला, जो दोपहर तक जारी रहा। लेकिन शेयरों की निचले स्तर पर लिवाली और रुपये में तेज बढ़त से अंतिम घंटे में बाजार को समर्थन मिला और अंततः दोनों बेंचमार्क इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 185 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी 22,700 अंक के ऊपर पार निकल गया।

सेंसेक्स 0.25 प्रतिशत की बढ़त से 73,319.55 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स कारोबार के निचले स्तर से 2,000 से अधिक अंकों की वापसी करते हुए अंत में 185.23 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,319.55 अंक पर बंद हुआ। हालांकि सूचकांक गिरावट के साथ खुला और कारोबार के पहले भाग में 1,588 अंक टूटकर दिन के निचले स्तर 71,545.81 अंक तक जा फिसला था।

सूचकांक ने कारोबार के निचले स्तर से 2,000 से अधिक अंकों की वापसी की

लेकिन अंतिम घंटों में एचसीएल टेक और टीसीएस जैसी आईटी क्षेत्र की प्रमुख कम्पनियों और एचडीएफसी बैंक व आईसीआईसीआई बैंक जैसे प्रमुख बैंकों में मजबूत लिवाली से सूचकांक को भारी नुकसान से उबरने में मदद मिली और कारोबार समाप्त होने से पहले यह 73,568.54 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के शेयर मजबूत रहे और 11 में गिरावट रही।

निफ्टी 33.70 अंकों की बढ़त के साथ 22,713.10 पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 33.70 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,713.10 अंक पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 496.85 अंक यानी 2.19 प्रतिशत की गिरावट से 22,182.55 अंकों तक जा लुढ़का था, लेकिन बाद में इसमें सुधार हुआ और इसने 22,782.30 अंकों उच्च स्तर भी देखा।

निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 27 के शेयर सकारात्मक रहे और 23 में कमजोरी दिखी। छोटी कम्पनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स 0.36 प्रतिशत नीचे आया जबकि मझोली कम्पनियों का मिडकैप 0.10 प्रतिशत के नुकसान में रहा।

RBI के उपायों से रुपया 150 पैसे की बढ़त के साथ बंद

रुपये की बात करें तो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा बैंकों को घरेलू ‘फॉरवर्ड’ बाजारों’ से प्रतिबंधित करने के लिए उठाए गए कई उपायों के बाद भारतीय मुद्रा में आई तेजी ने भी निवेशकों के भरोसे को बेहतर बनाने में मदद की। कारोबार के दौरान रुपया 188 पैसे बढ़कर डॉलर के मुकाबले 92 के स्तर पर पहुंच गया और अंत में 150 पैसे से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ।

एचसीएल टेक के स्टॉक सबसे ज्यादा 3.47 फीसदी चढ़े

सेंसेक्स समूह की कम्पनियों में एचसीएल टेक के स्टॉक सबसे ज्यादा 3.47 फीसदी चढ़े। उसके अलावा टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी इंडिया, टाइटन, एक्सिस बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि., कोटक महिंद्रा बैंक और आईटीसी भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी ओर नुकसान में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, इटर्नल, सन फार्मास्युटिकल्स, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावरग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व और टाटा स्टील शामिल हैं।

कच्चे तेल की कीमतों में सात प्रतिशत से अधिक की तेजी

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 8,331.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,171.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं ट्रंप के संबोधन के बाद कच्चे तेल की कीमतों में सात प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 7.28 प्रतिशत बढ़कर 108.52 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

Exit mobile version