Site icon hindi.revoi.in

शुरुआती गिरावट से उबरा शेयर बाजार, मानक सूचकांक लगभग स्थिर रुख के साथ बंद

Social Share

मुंबई, 13 जुलाई। पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव गहराने के चलते कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेज उछाल से सोमवार को निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई, लेकिन घरेलू शेयर बाजार शुरुआती गिरावट से उबरने में सफल रहा और मानक सूचकांक निचले स्तर पर खरीदारी आने से लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुए।

आईटी व टिकाऊ उपभोक्ता शेयरों में अच्छी लिवाली से मिला सहारा

बाजार विश्लेषकों के अनुसार सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं से जुड़ी कम्पनियों के शेयरों में मजबूती ने भू-राजनीतिक चिंताओं असर कुछ हद तक संतुलित किया, जिससे बाजार शुरुआती गिरावट से उबरने में सफल रहा।

सेंसेक्स 47.01 अंक की मामूली बढ़त से 77,616.40 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 711.96 अंक यानी 0.91 प्रतिशत टूटकर 76,857.43 अंक तक जा गिरा था। हालांकि, आईटी शेयरों में जबर्दस्त खरीदारी आने से यह गिरावट से उबरकर 219.9 अंक तक चढ़ गया, लेकिन अपनी बढ़त कायम नहीं रख सका। कारोबार के अंत में सूचकांक 47.01 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 77,616.40 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 12 के स्टॉक लाभ में रहे तो 18 में कमजोरी रही।

निफ्टी 4.10 अंक की हल्की बढ़त से 24,211 अंक पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 4.10 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ 24,211 अंक पर बंद हुआ। कुल मिलाकर देखें सूचकांक ने लगातार तीसरे सत्र में तेजी दर्ज की। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर हरे निशान पर रहे तो 30 में गिरावट दर्ज की गई।

व्यापक बाजार में मझोली कम्पनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.51 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ जबकि छोटी कम्पनियों के स्मॉलकैप सेलेक्ट में 0.03 प्रतिशत की गिरावट रही।

सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो आईटी खंड ने सर्वाधिक 3.49 प्रतिशत की छलांग लगाई जबकि फोकस आईटी खंड में 3.30 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता खंड में 0.59 प्रतिशत और उपयोगिता खंड में 0.35 प्रतिशत की तेजी रही।

TCS के स्टॉक 5.43% की बढ़त के साथ सबसे अधिक लाभ में रहे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के स्टॉक 5.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे अधिक लाभ में रहे। इसके अलावा एचसीएल टेक 5.02 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.34 प्रतिशत, इन्फोसिस 3.17 प्रतिशत, एनटीपीसी 2.18 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 1.83 प्रतिशत चढ़े। दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे शेयर नुकसान में रहे।

ब्रेंट क्रूड 2.57% बढ़कर 77.96 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया

इस बीच पश्चिम एशिया में फिर से तनाव बढ़ने के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.57 प्रतिशत बढ़कर 77.96 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 2,603.72 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

Exit mobile version