Site icon hindi.revoi.in

शेयर बाजार में तेजी थमी, सेंसेक्स 757 अंक लुढ़का, निफ्टी 24400 से नीचे

Social Share

मुंबई, 22 अप्रैल। अमेरिका व ईरान के बीच एक बार फिर बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) शेयरों में बड़ी बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी तेजी बुधवार को थम गई। बीएसई सेंसेक्स करीब 757 अंक जा लुढ़का तो एनएसई निफ्टी 198 अंकों की कमजोरी से 24,400 के नीचे चला आया।

विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका-ईरान वार्ता ठप होने से पश्चिम एशिया में दीर्घकालिक अस्थिरता की आशंका बढ़ने से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता प्रभावित हुई। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहने से मुद्रास्फीति और मुद्रा स्थिरता पर दबाव बढ़ा है।’

सेंसेक्स 0.95 प्रतिशत टूटकर 78,516.49 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 756.84 अंक यानी 0.95 प्रतिशत टूटकर 78,516.49 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 831.03 अंक तक लुढ़क गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के स्टॉक लाल निशान पर रहे तो 11 में बढ़ोतरी रही।

निफ्टी 198.50 अंक गिरकर 24,378.10 पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 198.50 अंक यानी 0.81 प्रतिशत गिरकर 24,378.10 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर मजबूत हुए और 30 में गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजार में मिश्रित रुख देखने को मिला। छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.76 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कम्पनियों के मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.04 प्रतिशत की गिरावट रही।

आईटी इंडेक्स में सर्वाधिक 3.66 प्रतिशत की गिरावट

सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो आईटी इंडेक्स में सर्वाधिक 3.66 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जबकि फोकस आईटी खंड में 3.54 प्रतिशत, वित्तीय सेवा खंड में 0.64 प्रतिशत और निजी बैंक सूचकांक में 0.64 प्रतिशत की गिरावट रही।

एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर सर्वाधिक 10.85% टूटे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर सर्वाधिक 10.85 प्रतिशत टूट गए। कम्पनी के मार्च तिमाही के नतीजे निवेशकों को प्रभावित नहीं कर सके और बिकवाली तेज हो गई। इसके अलावा इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक भी प्रमुख नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी और ट्रेंट में बढ़त दर्ज की गई।

एफआईआई ने 1,918.99 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,918.99 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 प्रतिशत बढ़कर 99.72 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Exit mobile version