मुंबई, 18 मार्च। कच्चे तेल के दाम में हल्की नरमी व दुनिया के अन्य प्रमुख बाजारों में मजबूत रुख का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स में जहां 633 अंकों की मजबूती रही वहीं एनएसई निफ्टी 197 अंकों के लाभ के साथ ठहरा।
वैश्विक बाजार में अस्थिरता बरकरार
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर जारी तनाव, रुपये की विनिमय दर में गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से वैश्विक बाजार में अस्थिरता बनी हुई है। निफ्टी की शुरुआत मजबूती के साथ हुई और सत्र के अधिकतर समय तक सकारात्मक रुख बना रहा। हालांकि, अंतिम घंटों में मुनाफावसूली से कुछ बढ़त कम हुई। वैसे देखा जाए तो आईटी शेयरों में तेजी ने बाजार में हालिया जारी बढ़त में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सेंसेक्स 0.83 प्रतिशत बढ़कर 76,704.13 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 633.29 अंक यानी 0.83 प्रतिशत बढ़कर 76,704.13 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 929.38 अंक तक चढ़ गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर लाभ में रहे जबकि 10 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 0.83 प्रतिशत बढ़कर 23,777.80 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 196.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत बढ़कर 23,777.80 पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 38 के शेयर मजबूती के साथ रुके और 12 में कमजोरी रही। मझोली कम्पनियों से संबंधित बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 2.39 प्रतिशत और छोटी कम्पनियों से जुड़े स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक में 1.59 प्रतिशत की तेजी आई।
निवेशकों ने एक सत्र में कमाए 5.51 लाख करोड़ रुपये
बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन एक सत्र में बढ़कर 438.81 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी दिन 433.30 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप बुधवार को करीब 5.51 लाख करोड़ रुपये बढ़ा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.51 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई।
इटर्नल के स्टॉक सर्वाधिक 3.37 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इटर्नल के स्टॉक सर्वाधिक 3.37 फीसदी चढ़े। उसके अलावा टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक, अदाणी पोर्ट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एक्सिस बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयर में एनटीपीसी, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, सन फार्मा और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं।
डीआईआई ने 5,225.32 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,741.22 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,225.32 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.10 प्रतिशत टूटकर 103.3 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

