मुंबई, 13 मई। मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच भारतीय शेयर बाजार में पिछले चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर बुधवार को विराम लगा और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स जहां 50 अंक चढ़ा वहीं एनएसई निफ्टी में 33 अंकों की तेजी रही। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमत और वैश्विक अनिश्चितता के चलते बाजार की तेजी अंतिम घंटों में सीमित होकर रह गई।
सेंसेक्स 49.74 अंक बढ़कर 74,608.98 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 49.74 अंक यानी 0.07 प्रतिशत बढ़कर 74,608.98 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 1057 अंकों के दायरे में 75,191.57 का हाई बनाया तो 74,134.48 अंक तक गिरा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 13 के शेयर चढ़कर बंद हुए तो 17 में कमजोरी रही।
निफ्टी 33.05 अंक बढ़कर 23,412.60 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 33.05 अंक यानी 0.14 प्रतिशत बढ़कर 23,412.60 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 24 के स्टॉक लाभ में रहे और 25 में गिरावट दर्ज की गई।
एशियन पेंट्स के स्टॉक सर्वाधिक 4.48 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एशियन पेंट्स के स्टॉक सर्वाधिक 4.48 फीसदी चढ़े। टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल और लार्सन एंड टुब्रो भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। वहीं नुकसान में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, सन फार्मा और टेक महिंद्रा शामिल हैं।
एफआईआई ने 1,959.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,959.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 107.27 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

