मुंबई, 11 मई। अमेरिका व ईरान के बीच शांति समझौते पर अब तक कोई सहमति न बन पाने के कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही। इस क्रम में सोमवार को बीएसई सेंसक्स जहां 1,313 अंक लुढ़क गया वहीं एनएसई निफ्टी एक बार फिर 24,000 अंक के नीचे आ गया।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए शांति प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। इससे पश्चिम एशिया में संकट दूर करने के लिए राजनयिक सफलता की उम्मीद फिलहाल कमजोर हुई है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययिता की अपील ने विदेशी मुद्रा भंडार, ईंधन की कीमतों और उपभोग के दृष्टिकोण को लेकर निवेशकों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
सेंसेक्स 1.70 प्रतिशत टूटकर 76,015.28 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,312.91 अंक यानी 1.70 प्रतिशत टूटकर 76,015.28 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 26 के शेयर लाल निशान पर रुके तो सिर्फ चार में बढ़त रही।
निफ्टी 360.30 अंकों की गिरावट से 23,815.85 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 360.30 अंक यानी 1.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,815.85 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 12 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 38 में गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में मझोली कम्पनियों से जुड़े बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 1.09 प्रतिशत की गिरावट आई और छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मॉलकैप 0.44 प्रतिशत के नुकसान में रहा।
सेक्टोरल इंडेक्स में भी चौतरफा गिरावट
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं के सूचकांक 3.76 प्रतिशत, रियल एस्टेट (2.74 प्रतिशत), मध्यम-लघु निजी बैंकों के गुणवत्ता सूचकांक (2.60 प्रतिशत), बीएसई पीएसयू बैंक (2.28 प्रतिशत), उपभोक्ता विवेकाधीन वस्तुएं (2.14 प्रतिशत) और बिजली (2.13 प्रतिशत) खंड में गिरावट दर्ज की गई।
टाइटन के शेयर सबसे ज्यादा 7.00 प्रतिशत लुढ़के
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाइटन के शेयर में सबसे ज्यादा 7.00 प्रतिशत की गिरावट आई। इंटरग्लोब एविएशन, भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, इटर्नल और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी बड़ी गिरावट देखी गई। वहीं लाभ में रहने वाले शेयरों में सन फार्मा, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, अदाणी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं।
एफआईआई ने 4,110.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 4,110.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.23 प्रतिशत बढ़कर 103.5 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

