Site icon hindi.revoi.in

शेयर बाजार का जोश हाई, सेंसेक्स 390 अंक से ज्यादा उछला, निफ्टी भी 24,400 के पार, ये स्टॉक्स चमके

Social Share

मुंबई, 21 अप्रैल। वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को जोश देखने को मिल रहा है। बाजार सपाट खुलने के बाद उछल गया। सुबह 9 बजकर 21 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 393.23 अंक की तेज उछाल के साथ 78913.53 के स्तर पर जा पहुंचा। इसी तरह, एनएसई निफ्टी भी 102.55 अंक की तेजी के साथ 24,467.40 के लेवल पर देखा गया। इससे ठीक पहले सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 37.13 अंक की मामूली तेजी के साथ 78,557.43 के लेवल पर कारोबार करता देखा गया। इसी समय, एनएसई निफ्टी 0.25 अंक की गिरावट के साथ 24,364.60 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर निवेशक सतर्कतापूर्ण लिवाली कर रहे हैं।

आईटी को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में हैं। रियलटी सेक्टर का सूचकांक फिलहाल डेढ़ फीसदी से ज्यादा ऊपर है। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, धातु, एफएमसीजी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में भी अच्छी तेजी रही। सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में हैं। एनटीपीसी, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स और ट्रेंट के शेयर भी मजबूत बने हुए हैं। इंफोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट और टीसीएस के शेयर दबाव में दिख रहे हैं।

ये शेयर चमके और ये टूटे

शुरुआती सत्र के दौरान निफ्टी में आज मजबूत तेजी से देखने को मिली, जिसमें अदानी पोर्ट्स, श्रीराम फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और बजाज फाइनेंस प्रमुख बढ़त दर्ज करने वाले शेयर रहे। वहीं दूसरी ओर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, इंफोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस और एचडीएफसी लाइफ गिरावट के साथ ट्रेड करते नजर आए।

डालर के मुकाबले रुपया 16 पैसे टूटा

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 16 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.32 पर आ गया। इसकी वजह यह थी कि अमेरिकी मुद्रा मजबूत बनी रही और रिज़र्व बैंक ने भारतीय मुद्रा पर सट्टेबाजी से जुड़ी पाबंदियों में ढील दी। फॉरेक्स ट्रेडर्स ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और विदेशी फंड के आने से स्थानीय मुद्रा को सहारा मिला, हालांकि पश्चिम एशिया शांति समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता ने निवेशकों को चिंतित रखा।

Exit mobile version