मुंबई, 16 अप्रैल। पिछले कारोबारी सत्र में अच्छी बढ़त देखने वाला भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को उतार-चढ़ाव के बीच बैंक व वित्तीय शेयरों में मुनाफावसूली से गिरावट के साथ बंद हुआ। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 123 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी 35 अंकों के नुकसान में रहा।
सेंसेक्स 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,988.68 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती बढ़त गंवाते हुए 122.56 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,988.68 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स तेजी के साथ खुला और 78,730.32 अंक तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली से यह गिरावट के साथ 77,674.93 अंक के निचले स्तर पर पहुंच गया। इस प्रकार कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 1,055.39 अंक का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 14 के स्टॉक बढ़त पर रहे और 16 में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 24,196.75 अंक पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 34.55 अंक यानी 0.14 प्रतिशत टूटकर 24,196.75 अंक पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में सूचकांक ने कुल 298.15 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा। बीते सत्र के मुकाबले 153.90 अंकों की बढ़त से खुले सूचकांक ने कारोबार के दौरान 24,400 का हाई और 24,102.80 का लो बनाया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 25 के शेयर हरे निशान पर और उतने ही लाल निशान पर ठहरे।
एचडीएफसी बैंक के स्टॉक में सर्वाधिक 1.75 फीसदी की गिरावट
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचडीएफसी बैंक के स्टॉक में सर्वाधिक 1.75 फीसदी की गिरावट रही। टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस में भी प्रमुख रूप से गिरावट दर्ज की गई। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में ट्रेंट, इटर्नल, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इन्फोसिस शामिल हैं।
एफआईआई ने 666.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 666.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत बढ़कर 96.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

