मुंबई, 12 मार्च। पश्चिम एशिया में गहराए संकट के कारण कच्चे तेल के दाम में तेजी ने वैश्विक शेयर बाजारों को अस्त-व्यस्त कर दिया है और इससे भारतीय शेयर बाजार भी अछूता नहीं है। इस क्रम में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बड़ी गिरावट लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 829 अंक टूट कर जहां 76,000 के स्तर के करीब जा खिसका वहीं एनएसई निफ्टी 228 अंकों के नुकसान से 23,700 से नीचे चला आया।
सेंसेक्स 829.29 अंकों की गिरावट से 76,034.42 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 829.29 अंक यानी 1.08 प्रतिशत टूटकर 76,034.42 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 992.53 अंक लुढ़क कर 75,871.18 अंकों तक जा फिसला था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में छह के शेयर लाभ में रहे तो 24 में कमजोरी रही।
निफ्टी 0.95 प्रतिशत टूटकर 23,639.15 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 227.70 अंक यानी 0.95 प्रतिशत टूटकर 23,639.15 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 11 के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 38 में गिरावट दर्ज की गई।
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सबसे ज्यादा 4.23 प्रतिशत गिरावट देखी
सेंसेक्स समूह में शामिल शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा में सबसे ज्यादा 4.23 प्रतिशत गिरावट आई। इसके अलावा मारुति, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और ट्रेंट भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं।
एफआईआई ने 6,267.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 6,267.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 4,965.53 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 4.78 प्रतिशत चढ़कर 96.47 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

