मुंबई, 26 फरवरी। साप्ताहिक एक्सपायरी के दिन गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार सीमित दायरे में कारोबार करता नजर आया और लगातार दूसरे दिन उतार-चढ़ाव देखने के बाद दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लगभग सपाट बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 27 अंक कमजोर पड़ा वहीं एनएसई निफ्टी ने 14 अंकों की मजबूती हासिल की।
सेंसेक्स 0.03% की गिरावट के साथ 82,248.61 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 27.46 अंक यानी 0.03 फीसदी की गिरावट के साथ 82,248.61 के स्तर पर रुका। हालांकि सूचकांक पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले 142.71 अंकों की बढ़त लेकर खुला था और दिन में कारोबार के दौरान 303.09 अंकों की तेजी से 82,579.16 अंक तक जा पहुंचा था। लेकिन जल्द ही सारी बढ़त खत्म हो गई और सूचकांक एक समय 305.60 अंकों की गिरावट से 81,970.40 अंक के निचले स्तर तक भी जा फिसला था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 12 के शेयर बढ़त पर रहे जबकि 17 में कमजोरी रही।
निफ्टी 0.06% की बढ़त के साथ 25,496.55 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 14.05 अंक यानी 0.06 फीसदी की बढ़त के साथ 25,496.55 के स्तर पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले 73.80 अंकों की बढ़त लेकर खुले सूचकांक ने दिन के कारोबार में 25,572.95 का हाई और 25,400.95 का लो बनाया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 23 के स्टॉक हरे निशान पर ठहरे और 26 में गिरावट दर्ज की गई।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.21 फीसदी बढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.21 फीसदी बढ़े। उसके अलावा अदानी पोर्ट्स, सन फार्मा, TCS, मारुति सुजुकी भी मुख्य रूप से बढ़ने वाले शेयरों में से थे। इसके उलट ट्रेंट, इटरनल, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स व NTPC में प्रमुख रूप से गिरावट रही।
एफआईआई ने 3,024.50 करोड़ के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 3,024.50 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,639.97 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की।

