Site icon hindi.revoi.in

रूस में गृहयुद्ध की स्थिति : वैगनर आर्मी के कब्जे में एक और शहर, मॉस्को की ओर बढ़ रही प्रिगोझिन की सेना

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 24 जून। रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच भाड़े के सैनिकों वाले वैगनर ग्रुप की बगावत के बाद रूस में गृहयुद्ध जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। पश्चिमी मीडिया के अनुसार वैगनर की सेना ने शनिवार दोपहर तक रूस के एक अन्य शहर लिपेत्स्क पर कब्जा कर लिया। यह शहर मॉस्को से केवल छह घंटे की दूरी पर है।

राष्ट्रपति पुतिन ने प्रिगोझिन के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया

कई मीडिया की खबरों में दावा किया गया है कि टैंक और बख्तरबंद कारों के साथ लगभग 20,000 वैगनर लड़ाके मॉस्को पर कब्जा करने के अभियान पर निकल पड़े हैं। ऐसे में उन्हें रोकने के लिए रूसी ‘चॉपर’ (युद्धक हेलीकॉप्टर) लगातार हमले कर रहे हैं। यहां तक कि घनी आबादी वाले इलाकों में भी नागरिक हताहत होने के खतरे के बावजूद हवाई हमले किए जा रहे हैं। राष्ट्रपति पुतिन ने शनिवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा, ‘गद्दारों को करारा जवाब मिलेगा।’ उन्होंने प्रिगोझिन के लिए गिरफ्तारी वारंट भी जारी कर दिया है।

मॉस्को में लॉकडाउन, सैनिक शहर की रक्षा की तैयारी में जुटे

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वैगनर आर्मी ने रोस्तोव शहर पर पहले ही कब्जा जमा रखा है इसके बाद वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन अपने कई हजार सैनिकों के साथ राजधानी मॉस्को की ओर बढ़ रहे हैं। इस वक्त मॉस्को में लॉकडाउन है क्योंकि सैनिक शहर की रक्षा की तैयारी में लगे हुए हैं। वहीं प्रिगोझिन ने राष्ट्रपति पुतिन के उस बयान का मजाक भी उड़ाया है, जिसमें पुतिन से प्रिगोझिन को देशद्रोही कहा था।

 

इस बीच वैगनर आर्मी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्रिगोझिन की सेना मॉस्को की ओर आगे बढ़ते समय वोरोनिश के आधे शहर से भी गुजरी। इस दौरान वोरोनिश शहर में एक विशाल तेल डिपो को आग की लपटों में घिरते हुए देखा गया। उस समय एक हेलीकॉप्टर हवा में था। सोशल मीडिया पर फुटेज में सैनिकों के बड़े काफिले को वोरोनिश से उत्तर की ओर जाते हुए देखा जा सकता है। ऐसा कहा जा रहा है कि वैगनर आर्मी के लोग क्रास्नोडार और वोल्गोग्राड सहित अन्य प्रमुख शहरों की ओर जा रहे हैं।

Exit mobile version