Site icon hindi.revoi.in

पंजाब : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू का इस्तीफा, बोले – कांग्रेस अध्यक्ष की इच्छा पर इस्तीफा भेज दिया

Social Share

नई दिल्ली/ चंडीगढ़, 16 मार्च। हालिया महीनों के दौरान पंजाब कांग्रेस में सर्वाधिक उथल पुथल मचाने वाले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

नवजोत सिद्धू ने ट्वीट कर अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे गए अपने इस्तीफे की प्रति ट्विटर पर साझा करते हुए लिखा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष की इच्छा के अनुसार मैंने अपना इस्तीफा भेज दिया है।’

गौरतलब है कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हालिया विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी शिकस्त के मद्देनजर मंगलवार को बड़ा कदम उठाते हुए सभी पांच चुनावी राज्यों के पार्टी अध्यक्षों से इस्तीफा देने को कहा था।

कांग्रेस अध्यक्ष गांधी के इस निर्देश के कुछ देर बाद ही उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने त्यागपत्र की घोषणा कर दी थी।

पंजाब में कांग्रेस को आम आदमी पार्टी से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी और उसे सिर्फ 18 सीटें मिलीं। सिद्धू स्वयं अमृतसर पूर्व सीट से 6000 से अधिक वोटों से चुनाव हार गए जबकि दो निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह को दोनों जगहों से पराजय झेलनी पड़ी।

वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने सत्तारूढ़ कांग्रेस सहित भाजपा व शिरोमणि अकाली दल का सूपड़ा साफ करते हुए 92 सीटों पर जीत हासिल की। ‘आप’ के सीएम चेहरा भगवंत मान की आज ताजपोशी भी हो गई।

Exit mobile version