Site icon hindi.revoi.in

उत्तराखंड चुनाव को लेकर सपा का एलान, सभी 70 सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

लखनऊ, 6 सितम्बर। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रदेश की सभी 70 सीटों पर किस्मत आजमाएगी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र चौधरी ने रूद्रपुर में रविवार को उत्तराखंड की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का स्पष्ट लक्ष्य है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

चुनाव की तैयारी चल रही है, प्रत्याशियों के आवेदन लिए जा रहे हैं। प्रत्याशी का अंतिम निर्णय अखिलेश यादव करेंगे। उन्होने कहा कि उत्तराखंड में दो दशकों की राज्य सरकार ने जन आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य नहीं किया है। निर्वाचित सरकारों ने जनता में निराशा पैदा की है। उत्तराखंड का विकास ठप्प है। पलायन का स्थाई समाधान नही हो रहा है। प्रदेश में गरीबी बढ़ती जा रही है। किसान-छोटे व्यापारी त्रस्त हैं। प्रदेश सरकार द्वारा नौकरी और रोजगार सृजन के दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं।

सिर्फ विज्ञापनों से भ्रम फैलाया जा रहा है। पांच साल में भाजपा के तीन मुख्यमंत्री बन चुके। वे सरकार चलाने में असफल हैं। चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनेगी तभी राज्य का विकास होगा लेकिन पिछले पांच वर्षों में डबल इंजन का पता ही नही चला। उत्तराखंड में गांव के गांव खाली हो रहे हैं। पलायन का यह शर्मनाक स्वरूप है। सपा का मानना है कि आर्थिक नीतियां जनसापेक्ष होने पर ही सरकार सफल हो सकती है।

लूट खसोट और हवा हवाई बात करने से जनता में सिर्फ निराशा फैली है। उत्तराखंड में सपा जनता के सामने विकल्प बने, इस दिशा में प्रयास हो रहा है। संगठनात्मक और बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में राजनैतिक कार्यक्रम लगातार चल रहे हैं। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उत्तराखंड में 2022 में सपा सरकार बनाने और प्रदेश स्तरीय कार्यशाला कराने का प्रस्ताव पारित हुआ।

Exit mobile version