Site icon Revoi.in

दक्षिण भारत को अगले माह मिलेगी तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस

Social Share

मुंबई, 23 मार्च। रेल यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय होती जा रही भारतीय रेल की सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस क्रम में अब दक्षिण भारत को जल्द ही तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है।

पीएम मोदी 8 अप्रैल को चेन्नई-कोयंबटूर वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखा सकते हैं हरी झंडी

मीडिया की खबरों के अनुसार देश की 12वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चेन्नई से कोयम्बटूर के बीच चलेगी। दक्षिण भारत की पहली वंदे भारत ट्रेन चेन्नई से मैसूर रूट पर चल रही है। वहीं दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस सिकंदराबाद और विशाखापत्तनम के बीच संचालित की जा रही है। सूत्रों की मानें तो पीएम नरेंद्र मोदी आठ अप्रैल को चेन्नई से कोयंबटूर के बीच इस सेमी हाई स्पीड ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं।

इससे पहले देश की 11वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली से जयपुर के बीच चलेगी। इससे दिल्ली से जयपुर का सफर में दो घंटे से ज्यादा समय बचेगा और करीब तीन घंटे में यात्रा पूरी होगी।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा वंदे भारत

दिलचस्प यह है कि महाराष्ट्र में देश में सबसे अधिक वंदे भारत ट्रेनें हैं। ये ट्रेनें मुंबई-अहमदाबाद, बिलासपुर-नागपुर, मुंबई-सोलापुर और मुंबई-शिरडी के बीच संचालित की जा रही हैं। हालांकि देश में कई राज्य ऐसे भी हैं, जो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं।

सबसे पहले वंदे भारत दिल्ली-वाराणसी के बीच चली थी

देश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन वाराणसी से दिल्ली के बीच चली, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने 18 फरवरी, 2019 को हरी झंडी दिखाई थी। वैसे बिहार, झारखंड, पंजाब, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर और ओडिशा को अब तक यह ट्रेन नहीं मिल पाई है। हालांकि केंद्र सरकार की इस वर्षांत तक 75 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन की योजना है।