Site icon hindi.revoi.in

ICC टी20 विश्व कप : रोमांच की पराकाष्ठा के बीच दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे सुपर ओवर में अफगानिस्तान को दी शिकस्त

Social Share

अहमदाबाद, 11 फरवरी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को दक्षिण अफ्रीका बनाम अफगानिस्तान ICC टी20 विश्व कप मैच के दौरान रोमांच की पराकाष्ठा दिखी, जिसमें सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज के साहसिक प्रयासों के बावजूद प्रोटियास ने दूसरे सुपर ओवर के जरिए जीत हासिल की।

प्रोटियास के 6-187 के जवाब में अफगानिस्तान 10-187

दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप डी के इस मैच में सिक्के की उछाल गंवाने के बाद छह विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 19.4 ओवर में 187 रन पर आउट हो गई। मुकाबला टाई छूटने के बाद पैसले के लिए सुपर ओवर लागू किया गया।

पहला सुपर ओवर भी टाई

दिलचस्प यह रहा कि पहला सुपर ओवर भी टाई छूटा। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी ने सुपर ओवर किया, जिसमें अफगानिस्तान ने अजमतुल्लाह उमरजई (नाबाद 16 रन, एक छक्का, दो चौके) के प्रयास से बिना क्षति 17 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने फजलहक फारुकी के ओवर में एक विकेट पर 17 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स (10 रन, एक छक्का, एक चौका) ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर स्कोर बराबर किया।

दूसरा सुपर ओवर – गुरबाज के लगातार 3 छक्के भी काम नहीं आए

उमरजई दूसरा सुपर ओवर करने के लिए आए, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने डेविड मिलर (16 रन, दो छक्के) की मदद से बिना क्षति 23 रन बनाए। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर केशव महाराज ने पहली दो गेंदों पर कोई रन नहीं दिया और मोहम्मद नबी को आउट किया। गुरबाज (19 रन, तीन छक्के) ने इसके बाद लगातार तीन छक्के लगाए, लेकिन आखिरी गेंद पर वह आउट हो गए। इस प्रकार अफगानी टीम दो विकेट पर 19 रनों तक ही पहुंच सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा।

दक्षिण अफ्रीका की दूसरी जीत, अफगानिस्तान की उम्मीदों को झटका

इस जीत से दक्षिण अफ्रीका के ग्रुप डी दो मैचों से चार अंक हो गए हैं और वह शीर्षस्थ न्यूजीलैंड (चार अंक) के बाद दूसरे स्थान पर है। उसने पहले मैच में कनाडा को मात दी थी। वहीं पहले मैच में न्यूजीलैंड के हाथों पांच विकेट की पराजय का सामना करने वाले अफगानिस्तान की यह लगातार दूसरी हार है और उसकी नॉकआउट में प्रवेश की उम्मीदों को झटका लगा है। अब उसे अगले चरण में जाने के लिए न सिर्फ अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे बल्कि अन्य मैचों के परिणाम भी अनुकूल रहने के लिए दुआ करनी होगी।

गुरबाज का मजबूत पचासा, दो अर्धशतकीय भागीदारियां

सच पूछें तो दक्षिण अफ्रीका द्वारा पेश किए गए चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को हासिल करने की स्थिति में अफगानिस्तान था, लेकिन लगातार विकेट गंवाने के कारण उसे नुकसान हुआ। गुरबाज ने तूफानी अंदाज में मजबूत अर्धशतक (84 रन, 42 गेंद, सात छक्के, चार चौके) ठोका। उन्होंने सलामी जोड़ीदार इब्राहिम जादरान (12 रन) के साथ पहले विकेट पर 51 रन जोड़े तो दो रनों के भीतर तीन बल्लेबाज निकल गए।

स्कोर कार्ड

इसके बाद गुरबाज चौथे विकेट के लिए दारविश रसूली (15 रन) संग 69 रन जोड़ने में सफल रहे। फिलहाल गुरबाज के लौटने के बाद अजमतुल्लाह उमरजई (22 रन, 17 गेंद, तीन चौके) व कप्तान राशिद खान (20 रन, 12 गेंद, तीन चौके) के प्रयास नाकाफी रहे।अफगानिस्तान को जब 18 गेंदों पर 30 रनों की जरूरत थी, तब ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ लुंगी एन्गिडी (3-26) ने उमरजई को आउट कर दिया। वहीं राशिद को यानसन ने 19वें ओवर में आउट कर दिया। अंत में नूर अहमद ने दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाकर स्कोर बराबर कराया।

रिकेल्टन व डिकॉक के बीच दूसरे विकेट पर 114 रनों की साझेदारी

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान एडन मार्करम (पांच रन) को जल्दी खो दिया। लेकिन रियान रिकेल्टन (61 रन, 28 गेंद, चार छक्के, पांच चौके) व क्विंटन डिकॉक (59 रन, 41 गेंद, तीन छक्के, पांच चौके) ने विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी से रंग जमा दिया। अफगानिस्तान के लिए उमरजई ने 41 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि कप्तान राशिद खान को दो सफलताएं मिलीं।

ऑस्ट्रेलिया का अभियान शुरू, आयरलैंड को 67 रनों से हराया

उधर कोलंबो में खेले गए ग्रुप बी के मैच में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को 67 रनों से परास्त कर अपने अभियान की शुरुआत की। आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरे कंगारुओं ने छह विकेट पर 182 रन बनाए।

 

Exit mobile version