Site icon hindi.revoi.in

ICC टी20 विश्व कप : दक्षिण अफ्रीका को सुपर 8 का टिकट, न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत में यानसेन व मार्करम चमके

Social Share

अहमदाबाद, 14 फरवरी। मार्को यानसन (4-40) व कप्तान एडेन मार्करम (नाबाद 86 रन, 44 गेंद, चार छक्के, छह चौके) के करिअर बेस्ट प्रदर्शन की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को यहां ICC टी20 विश्व कप के ग्रुप डी के अहम मुकाबले में न्यूजीलैंड को 17 गेंदों के शेष रहते सात विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत हासिल की और सबसे पहले सुपर 8 का टिकट हासिल कर लिया।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य न्यूजीलैंड ने सात विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 17.1 ओवरों में तीन विकेट गवांकर लक्ष्य हासिल कर लिया।  पांच टीमों के ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका के सर्वाधिक छह अंक हैं।

अंक तालिका

अपने पहले दो मैचों में कनाडा और अफगानिस्तान को हरा चुके प्रोटियास की अब अंतिम मैच में यूएई से मुलाकात होगी। वहीं अफगानिस्तान व यूएई को हराने के बाद न्यूजीलैंड की यह पहली पराजय थी और वह तीन मैचों में चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

दक्षिण अफ्रीका ने पहले 8 ओवरों में 100 रनों का आंकड़ा पार किया

दक्षिण अफ्रीकी पारी की बात करें तो मार्करम ने तूफानी पचासे से टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने क्विंटन डिकॉक (नौ रन) के साथ 28 गेंदों पर 62 और रियान रिकेल्टन के साथ 18 गेंदों पर 40 रनों की साझेदारी कर शुरुआती आठ ओवरों के अंदर टीम के रनों का शतक पूरा कर दिया।

चैपमन व डेरिल मिचेल ने 44 गेंदों पर जोड़े 74 रन

इसके पूर्व मार्क चैपमन (48, 26 गेंद, दो छक्के, छह चौके) और डेरिल मिचेल (32 रन, 24 गेंद, एक छक्का, दो चौके) के बीच पांचवें विकेट के लिए 44 गेंदों पर 74 रनों की साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने खराब शुरुआत से उबरते हुए चुनौतीपूर्ण स्कोर हासिल किया।

स्कोर कार्ड

चैपमन व मिचेल के बाद तीसरे सर्वोच्च स्कोरर फिन एलन (31 रन, 17 गेंद, दो छक्के, चार चौके) रहे। टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहली बार चार विकेट का आंकड़ा निकालने वाले यानसेन के अलावा लुंगी एंगिडी, केशव महाराज और कोर्बिन बोश ने भी आपस में तीन विकेट बांटे।

Exit mobile version