Site icon hindi.revoi.in

सोनिया गांधी फिर अस्वस्थ, सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती, साथ में राहुल व प्रियंका भी मौजूद

Social Share

नई दिल्ली, 24 मार्च। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की मंगलवार को अचानक एक बार फिर तबीयत खराब हो गई। सूत्रों के मुताबिक सांस लेने में तकलीफ और पुराने ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या के कारण सोनिया को राष्ट्रीय राजधानी स्थित सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मां की सेहत बिगड़ने की सूचना मिलते ही उनके बेटे राहुल गांधी के साथ बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी तुरंत अस्पताल के लिए रवाना हो गए और वर्तमान में उनके साथ मौजूद हैं। डॉक्टरों की टीम सोनिया गांधी के स्वास्थ्य की निगरानी में लग गई है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जनवरी में भी बिगड़ी थी तबीयत

सोनिया गांधी की सेहत को लेकर चिंताएं इसलिए भी बढ़ गई हैं कि वह पिछले कुछ समय से लगातार स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रही हैं। तीन माह पहले जनवरी में भी उनकी स्थिति काफी नाजुक हो गई थी, जिसके चलते उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में लगातार छह दिनों तक भर्ती रहकर इलाज कराना पड़ा था। हालांकि, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुई थीं और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके आवास पर ही लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी और उपचार कर रही थी।

बढ़ते प्रदूषण और कड़ाके की ठंड की वजह से बिगड़ी थी तबीयत

गत जनवरी में उनकी तबीयत बिगड़ने का मुख्य कारण सांस लेने में होने वाली गंभीर तकलीफ थी। पांच जनवरी, 2026 की रात करीब 10 बजे जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब डॉक्टरों ने अपनी जांच में पाया कि दिल्ली के बढ़ते प्रदूषण और कड़ाके की ठंड ने उनकी सेहत पर बुरा असर डाला है।

19 जून, 2025 को सोनिया को पेट में कुछ गंभीर समस्या आई थी

इससे पहले पिछले वर्ष 19 जून को भी सोनिया गांधी को पेट में कुछ गंभीर समस्या आई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था और फिर कुछ दिनों में छुट्टी दे दी गई थी। उनको 15 जून को पेट में इंफेक्शन से जुड़ी शिकायतों के बाद भर्ती किया गया था। करीब चार दिन तक उनकी हालत पर लगातार नजर रखी गई।

वर्ष 2011 में कैंसर का इलाज चला था

वर्ष 2011 में उन्हें अमेरिका में कैंसर का उपचार भी करवाना पड़ा था, जिसके बाद से वह स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही हैं। हालांकि, 2012 में इलाज कराने के बाद उनकी तबीयत सही हो गई थी।

Exit mobile version