Site icon Revoi.in

सोनिया गांधी और प्रियंका ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में राहुल गांधी का समर्थन करने के लिए कर्नाटक जाएंगी

Social Share

बेंगलुरु, 23 सितम्बर। कांग्रेस द्वारा मोदी सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘भारत जोड़ो’ अभियान की अगुआई कर रहे राहुल गांधी को जल्द ही पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी का साथ मिलने वाला है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी की हौसला अफजाई के लिए सोनिया गांधी और प्रियंका कर्नाटक की यात्रा करने वाली हैं। बताया जा रहा है कि आगामी 30 सितम्बर को राहुल ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के अगले चरण कर्नाटक पहुंचेंगे।

सोनिया और प्रियंका के कर्नाटक दौरे के संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राज्य कांग्रेस प्रमुख शिवकुमार सहित कई नेताओं संग समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद वेणुगोपाल ने कहा, “कर्नाटक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी किसी दिन ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में शामिल हो सकती हैं। वहीं प्रियंका गांधी भी अलग से राहुल गांधी के साथ इस अभियान में शामिल होंगी।”

30 सितम्बर को पूर्वाह्न नौ बजे गुंडलुपेट में शुरू होगा यात्रा का कर्नाटक चरण

प्राप्त जानकारी के अनुसार ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का कर्नाटक चरण आगामी 30 सितम्बर को पूर्वाह्न नौ बजे गुंडलुपेट में शुरू होगा। इस संबंध में डीके शिवकुमार ने कहा कि नंजनगुड तालुक के बदनवालु में भी राहुल गांधी का एक कार्यक्रम होगा।

कांग्रेस के भावी अध्यक्ष के तौर पर उठ रही राहुल गांधी की ताजपोशी की मांग पर शिवकुमार ने कहा, ‘अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद के चुनाव की दिशा में प्रयासरत है। हम सभी राहुल गांधी के लिए प्रतिबद्ध हैं, उन्हें पार्टी का नेतृत्व करना चाहिए, लेकिन हम सभी ने यह फैसला उन्हीं पर छोड़ दिया है।’

भारत जोड़ोयात्रा भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगी : शिवकुमार

उन्होंने यह भी कहा, “पिछले 10 वर्षों से भाजपा और संघ परिवार का केवल एक ही मकसद है कि वे किसी तरह से राहुल गांधी की छवि खराब करना चाहते हैं, लेकिन अब लोग भी महसूस कर रहे हैं कि राहुल गांधी कौन हैं। ‘भारत जोड़ो’ यात्रा न केवल कांग्रेस बल्कि भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगी।”