Site icon hindi.revoi.in

भारत में ओमिक्रॉन का खतरा : अब तक नए वैरिएंट के 33 केस, मुंबई में धारा 144 लागू

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 11 दिसंबर। देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ता जा रहा है। इस क्रम में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को इस वैरिएंट के दूसरे संक्रमित की पुष्टि की गई, जिसके साथ ही देश में अब ओमिक्रॉन के 33 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में शनिवार से दो दिनों के लिए धारा 144 लागू करने के साथ रैलियों, जुलूसों व प्रदर्शनों पर रोक लगा दी है।

दिल्ली में पाया गया ओमिक्रॉन का दूसरा संक्रमित व्यक्ति वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुका था और वह जिम्बाब्वे से आ रहा था। उसने दक्षिण अफ्रीका की भी यात्रा की थी। दिल्ली सरकार ने यह जानकारी दी है।

महाराष्ट्र में 7 नए केस के साथ कुल 17 ओमिक्रन संक्रमित

उधर महाराष्ट्र में अब तक ओमिक्रॉन के कुल 17 केस सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को 7 मामले सामने आए थे। इनमें से तीन केस मुंबई और चार केस पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका में मिले हैं। मुंबई में मिले संक्रमित मरीजों की उम्र 48, 25 और 37 साल है। ये तीनों नागरिक तंजानिया, यूके और दक्षिण अफ्रीकी देश से आए हैं जबकि पिंपरी चिंचवड में मिले चारों केस नाइजीरियन महिला के साथ कॉन्ट्रैक्ट में आए थे।

मुंबई में इन दो वजहों से धारा 144 लागू

सूत्रों कहना है कि मुंबई में दो वजहों से धारा 144 लागू की गई है। पहली वजह कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की प्रस्तावित रैली के लिए तमाम कार्यकर्ता मुंबई पहुंच रहे हैं। हालांकि, मुस्लिम आरक्षण की मांग को लेकर आहूत इस रैली को अब तक अनुमति नहीं दी गई है। दूसरी वजह है कि संजय राउत के बयान पर भाजपा मुंबईभर में प्रदर्शन करने जा रही है।

गुजरात में 2 और केस मिले

इससे पहले शुक्रवार को गुजरात के जामनगर में ओमिक्रॉन से संक्रमित दो केस मिले थे। यहां पहले संक्रमित आए शख्स की पत्नी और साले की रिपोर्ट भी ओमिक्रॉन पॉजिटिव आई है। यह शख्स जिम्बाब्वे से भारत लौटा था। कुछ दिनों पहले ही इसकी रिपोर्ट ओमिक्रॉन पॉजिटिव आई थी।

राजस्थान में सभी 9 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव

ओमिक्रॉन से संक्रमित व्यक्तियों के देशव्यापी आंकड़ों की बात करें तो सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 17, राजस्थान में नौ, गुजरात में तीन, दिल्ली और कर्नाटक में दो-दो केस मिले हैं। राहत की बात यह है कि राजस्थान में सभी नौ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। महाराष्ट्र के पुणे में भी मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर कर्नाटक से एक ओमिकॉन मरीज दुबई भाग गया है।

Exit mobile version