Site icon Revoi.in

उत्तर प्रदेश : मेरठ के एक थाने में विवादित बैनर लगाने वाले छह आरोपित गिरफ्तार

Social Share

मेरठ, 28 मई। उत्तर प्रदेश में मेरठ शहर के मेडिकल थाने पर हंगामा करने एवं आपत्तिजनक बैनर लगाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने शनिवार को मीडिया को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के नाम शम्भू पहलवान, सागर पोसवाल, कुलदीप मसूरी, अंकुर चौधरी, अमित भड़ाना और अमर शर्मा हैं। इन सभी अभियुक्तों के खिलाफ मेडिकल थाने में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया था।

बैनर में लिखा था – भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना मना है

उल्लेखनीय है कि मेडिकल पुलिस थाने में लगे एक कथित बैनर की तस्वीर शुक्रवार को वायरल हुई, जिसमें लिखा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने आना मना है। थाने की दीवार पर टंगे बैनर की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद मामले ने पकड़ा तूल

मामले ने उस समय तूल पकड़ा, जब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उक्त तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा था, ‘ऐसा पहली बार हुआ है इन पांच-छह सालों में। सत्तापक्ष के लोगों का आना मना हुआ थानों में। ये है उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार का बुलंद इकबाल।’

गिरफ्तार सभी आरोपित भाजपा कार्यकर्ता

थाना प्रभारी संतशरण सिंह ने शनिवार को बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर अभियुक्तों की शिनाख्त करने के बाद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। यह पूछे जाने पर कि पकड़े गए आरोपित क्या भाजपा कार्यकर्ता हैं, थाना प्रभारी ने इतना ही कहा, ‘सभी असामाजिक तत्व थे, जिन्होंने भाजपा और मुझे बदनाम करने के लिए विवादित बैनर लगाया था।’ हालांकि भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंधन ने मीडिया से बातचीत में स्वीकार किया है कि सभी आरोपित भाजपा कार्यकर्ता हैं।

गौरतलब है कि मेरठ में शुक्रवार को दुकान के विवाद में मेडिकल थाने पहुंचे भाजपाइयों ने हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की थी। करीब चार-पांच घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने थाने के बाहर विवादित पोस्टर भी लगा दिया था, जिसमें लिखा था, ‘भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना मना है।’