Site icon hindi.revoi.in

मनोरंजन : सिंगर कनिका कपूर ने 43 की उम्र में रचाई दूसरी शादी, बिजनेसमैन गौतम के साथ लंदन में लिए सात फेरे

Social Share

नई दिल्ली, 21 मई। ‘बेबी डॉल’, ‘देसी लुक’ और ‘ऊ बोलेगा या ऊ ओ बोलेगा’ जैसे गानों को अपनी आवाज देने वालीं सिंगर कनिका कपूर अपनी शादी को लेकर काफी सुर्खियों में बनीं हुई हैं। कनिका ने लंदन में शुक्रवार को एनआरआई बिजनेसमैन गौतम हाथीरमानी संग सात फेरे लिए। शादी में कनिका के करीबी दोस्त व परिवार के सदस्य शामिल हुए।

लंदन से कपल की पहली वेडिंग फोटो भी सामने आ गई है। 43 वर्षीया कनिका कपूर ने गुलाबी रंग का लहंगा पहन रखा था। कनिका दुल्हन के रूप में कहर ढा रही थीं तो दूल्हे राजा गौतम भी अपनी पत्नी कनिका को लुक्स के मामले में कड़ी टक्कर दे रहे थे। गौतम हल्के क्रीम रंग की शेरवानी में काफी हैंडसम लग रहे थे।

कपूर के गायक मित्र मनमीत सिंह ने इंस्टाग्राम पर दंपति की तस्वीर साझा की। सिंह ने लिखा, ‘ईश्वर करे आपकी यात्रा आगे भी उतनी शानदार हो जितने की आप दोनों हो…नवविवाहित कनिका कपूर और गौतम हाथीरमानी।’

एक वर्ष से रिश्ते में थे गौतम-कनिका

बताया जाता है कि कनिका कपूर और गौतम लगभग एक वर्ष से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। चूंकि कनिका लंदन में रहती हैं, इसलिए उन्होंने शादी के लिए लंदन को ही चुना एनआरआई गौतम हाथीरमानी भी लंदन में बिजनेसमैन हैं और डाना ग्रुप के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनकी कम्पनी विमानन, ऑटोमोबाइल, स्वास्थ्य और विनिर्माण में सेवाएं प्रदान करती है।

3 बच्चों की मां हैं कनिका

उल्लेखनीय है कि कनिका की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी एनआरआई राज चंडोक से हुई थी। लेकिन दोनों ने तलाक ले लिया था। शादी के बाद उनके तीन बच्चे अयान, समारा और युवराज हैं। कनिका पहले पति से तलाक लेने के बाद ही मुंबई आई थीं और अपना गाना ‘जुगनी जी’ रिलीज किया। इस गाने ने कनिका की किस्मत पलट दी और आज वह मशहूर सिंगरों में शामिल हैं।

Exit mobile version