Site icon hindi.revoi.in

चाइना ओपन : चेन यूफेई के खिलाफ 4 मैच अंक नहीं बचा सकीं सिंधु, लक्ष्य व आयुष भी हारे, भारतीय चुनौती खत्म

Social Share

चांगझू, 23 जुलाई। शीर्ष भारतीय शटलर पीवी सिंधु गुरुवार को यहां शुरुआती बढ़त का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और विश्व नंबर चार चीनी स्टार चेन यूफेई के खिलाफ तीन गेमों तक खिंचे दूसरे दौर के कठिन मुकाबले में हार के साथ चाइना ओपन से बाहर हो गईं। वहीं पुरुष एकल में लक्ष्य सेन व आयुष शेट्टी को भी हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही BWF टूर सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट से भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

ओलम्पिक स्पोर्ट्स सेंटर जिम्नेजियम के कोर्ट नंबर एक पर दिन का दूसरा मैच खेलने उतरीं विश्व नंबर आठ सिंधु ने पहला गेम आसानी से लेने के बाद दूसरे में 20-16 से आगे थीं। लेकिन पूर्व विश्व चैम्पियन 30 वर्षीय भारतीय शटलर का सिंधु का दुर्भाग्य कि वह चार मैच अंक गंवा बैठीं और चौथी सीड यूफेई ने लगातार छह अंक लेने के साथ न सिर्फ गेम स्कोर 1-1 बराबर किया वरन एक घंटा 29 मिनट की कश्मकश 16-21, 22-20, 21-18 से जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

यूफेई ने एक हफ्ते के भीतर जापान ओपन चैम्पियन से चुकाया हिसाब

उल्लेखनीय है कि पिछले ही हफ्ते जापान ओपन के रूप में डेढ़ वर्षों से ज्यादा समय से जारी खिताबी सूखा खत्म करने वालीं सिंधु ने टूर्नामेंट के दौरान चेन यूफेई को भी हराया था, जिन्होंने 19-21, 10-15 से पीछे रहने के दौरान चोट के कारण सेमीफाइनल मैच छोड़ दिया था। फिलहाल टोक्यो 2020 ओलम्पिक चैम्पियन ने एक हफ्ते के भीतर ही सिंधु से हिसाब चुकता करने के साथ आपसी मुलाकात का रिकॉर्ड 9-7 कर दिया।

दूसरे गेम में मेरे पास मौका था – सिंधु

कठिन पराजय के बाद सिंधु ने कहा, ‘दूसरे गेम में मेरे पास मौका था, मुझे उसे खत्म कर देना चाहिए था। कुल मिलाकर, दोनों के बीच ज्यादा अंतर नहीं था और कभी-कभी ऐसा हो जाता है। सुधार करते रहना, आगे बढ़ते रहना और सही संदर्भ में अपने कौशल का प्रदर्शन करते रहना जरूरी है।’ चेन अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए थाईलैंड की अनुभवी खिलाड़ी रत्चानोक इंतानोन से भिड़ेंगी।

आठवीं सीड कनाडाई विक्टर ने लक्ष्य को सीधे गेमों में हराया

उधर पुरुष एकल की बात करें तो विश्व नंबर 14 लक्ष्य सेन ने कोर्ट नंबर एक पर ही खेले गए दिन के 11वें मैच में आठवीं सीड कनाडाई विक्टर लाइ को पहले गेम में कड़ी टक्कर दी। लेकिन विक्टर ने दूसरे गेम में भारतीय शटलर को ज्यादा मौके नहीं दिए और 46 मिनट में 21-19, 21-11 से जीत हासिल की।

शेट्टी आयरिश शटलर के खिलाफ एक गेम की बढ़त नहीं बचा सके

वहीं 24 घंटे पहले बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व नंबर 11 नंबर इंडोनेशियाई अल्वी फरहान को बाहर का रास्ता दिखाने वाले आयुष शेट्टी ने फिर धाकड़ प्रदर्शन किया। लेकिन वह कोर्ट नंबर तीन पर आयरिश एन एंगुएन के खिलाफ एक गेम की बढ़त का फायदा नहीं उठा सके। विश्व नंबर 24 एंगुएन ने खुद से एक रैंक ऊपर शेट्टी के खिलाफ 65 मिनट तक खिंचा रोमांचक संघर्ष 15-21, 21-13, 22-20 से जीता।

Exit mobile version