टोक्यो, 14 जुलाई। दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने मंगलवार को यहां मलेशियाई वोंग लिंग चिंग पर सीधे गेमों में आसान जीत से जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बना ली। लेकिन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की ख्यातिनाम जोड़ी मैच के बीच से ही हट गई, जब सात्विक के कंधे में तरलीफ उभर आई।
उल्लेखनीय है कि सात्विक व चिराग की विश्व नंबर चार जोड़ी ने सिंगापुर ओपन जीतकर दो वर्षों से चला आ रहा खिताबी सूखा खत्म किया था। इसके बाद उन्होंने इंडोनेशिया ओपन में भाग नहीं लिया था। अब यहां डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड व मैड्स वेस्टरगार्ड के खिलाफ पहला गेम 21 मिनट में 19-21 से हारने के बाद हटने का फैसला किया।
चीन ओपन में भी हिस्सा नहीं लेंगे सात्विक-चिराग
भारतीय टीम के मुख्य युगल कोच टैन किम हर ने कहा कि भारतीय जोड़ी अगले सप्ताह होने वाले चीन ओपन में हिस्सा नहीं लेगी और अगस्त में भारत में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए चोट से उबरने की प्रक्रिया पर ध्यान देगी। उन्होंने कहा, ‘सात्विक को ठीक होने में अभी कुछ समय लगेगा। विश्व चैंपियनशिप से पहले हमें कम से कम चार सप्ताह का समय मिलेगा, जिससे हम पुरानी लय हासिल कर सकते हैं।’
सिंधु ने मलेशियाई वोंग को 35 मिनट में हराया
इससे पहले कोर्ट नंबर दो पर खेले गए दिन के सातवें मैच में विश्व रैंकिंग में 10वें नंबर पर काबिज सिंधु ने सहज खेल का प्रदर्शन करते हुए विश्व नंबर 37 वोंग को 35 मिनट में 21-14 21-11 से हराया। गत पांच जुलाई को ही 31वां जन्मदिन मनाने वालीं सिंधु की अब पांचवीं सीड चीनी शटलर हान यूइ से मुलाकात होगी।
सिंधु ने शुरुआत से ही कोर्ट पर अपना दबदबा बनाया और रैलियों की गति नियंत्रित करते हुए 7-4 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि वोंग ने संघर्ष की कोशिश की, लेकिन उनकी गलतियों से भारतीय शटलप ने ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बना ली।
रैलियों में सहज दिख रहीं सिंधु ने अपने स्ट्रोक्स को प्रभावी ढंग से लगाकर अपनी बढ़त 14-9 तक पहुंचा दी। उनके बैकहैंड नेट ड्रिबल, ड्रॉप शॉट और हाफ-स्मैश सटीक रहे। एक सीधे शॉट से सिंधु को सात गेम अंक मिले, और उन्होंने दूसरे पर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
सिंधू ने दुसरे गेम में भी शुरू से आक्रामक रवैया अपनाया और मलेशियाई खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। जल्द ही 8-2 की बढ़त के बाद सिंधु इंटरवल तक 11-3 से आगे थी। इसके बाद भी उन्होंने बड़ा अंतर बनाए रखा और फिर 10 मैच प्वॉइंट हासिल करने के बाद दूसरे मैच पर मैच अपने नाम कर दिया।
कपिला-क्रास्टो की सहज जीत, रोहन-शिवानी बाहर
कोर्ट पर उतरे अन्य भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो ध्रुव कपिला व तनीशा क्रास्टो ने भी अपने मिश्रित युगल मुकाबले में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन व जूली मैकफर्सन को 21-16, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। हालांकि रोहन कपूर व रुत्विका शिवानी गड्डे पहले ही दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के फेंग यान झे व हुआंग डोंग पिंग के खिलाफ 11-21, 10-21 से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

