Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : प्रसिद्ध, शुभमन व बटलर ने GT को दिलाई लगातार दूसरी जीत, LSG घर में फिर परास्त

Social Share

लखनऊ, 12 अप्रैल। पेसर प्रसिद्ध कृष्णा (4-28), कप्तान शुभमन गिल (56 रन, 40 गेंद, एक छक्का, छह चौके) और जोस बटलर (60 रन, 37 गेंद, 11 चौके) ने तीन दिनों के अंतराल बाद फिर चमकीला प्रदर्शन किया। इसका परिणाम भी अनुकूल रहा, जब गुजरात टाइटंस (GT) ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में रविवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) को उसके घर में सात विकेट से शिकस्त देने के साथ लगातार दूसरी जीत हासिल कर ली।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य घरेलू टीम प्रसिद्ध एंड कम्पनी के सामने आठ विकेट पर 164 रनों तक पहुंच सकी। जवाबी काररवाई में टाइटंस ने गिल व बटलर के प्रहारों से 18.4 ओवरों में तीन विकेट पर 165 रन बना लिए।

DC के खिलाफ भी गिल व बटलर के पचासों के बाद अंतिम ओवर में हीरो बन बैठे थे प्रसिद्ध

मौजूदा सत्र के शुरुआती दो मैचों में पराजय झेलने वाले गुजरात टाइटंस के अगले दो मैचों की समानता पर गौर करें तो गत आठ अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ गिल व बटलर ने पहले तूफानी अर्धशतक जमाए और फिर प्रसिद्ध ने अंतिम ओवर की अंतिम दो गेंदों पर डेविड मिलर को जीत के लिए जरूरी दो रन नहीं बनाने दिए थे। परिणामस्वरूप डीसी को घर में एक रन की संकीर्ण पराजय गले लगानी पड़ी थी। अब आज लखनऊ के खिलाफ पहले प्रसिद्ध चमके और फिर गिल व बटलर ने पिछले मैच वाला ही पराक्रम दोहराया।

अंक तालिका में लखनऊ से ऊपर पहुंचा गुजरात

इस लगातार दूसरी जीत से गुजरात टाइटंस अंक तालिका में लखनऊ को पीछे छोड़ पांचवें स्थान पर जा पहुंचा है। वहीं पिछले दो मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद व कोलकाता नाइट राइडर्स को उनके मैदानों पर हराने वाली लखनऊ टीम चार मैचों में चार अंकों के बावजूद छठे स्थान पर खिसक गई है। लखनऊ को अपने पहले मैच में घरेलू मैदान पर दिल्ली से मात खानी पड़ी थी।

शुभमन व बटलर ने 58 गेंदों पर जोड़े 84 रन

मैच पर नजर दौड़ाएं तो सामान्य लक्ष्य के सामने गिल ने पहले विकेट के लिए साई सुदर्शन (15 रन, 14 गेंद, तीन चौके) के साथ 31 गेंदों पर 45 जोड़े और फिर उन्हें जोस बटलर का साथ मिला तो 58 गेंदों पर 84 रनों की साझेदारी आ गई।

स्कोर कार्ड

हालांकि गिल व बटलर 15वें व 16वें ओवरों के बीच छह गेंदों के भीतर क्रमशः प्रिंस यादव व मोहम्मद शमी के शिकार बन गए (3-135)। लेकिन वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 21 रन, 13 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व राहुल तेवतिया (नाबाद 10 रन, आठ गेंद, एक चौका) ने 18 गेंदों पर 30 रनों की अटूट साझेदारी से दल की जीत सुनिश्चित कर दी।

विपक्षी गेंदबाजों का मजबूती से जवाब नहीं दे सके मेजबान बल्लेबाज

इससे पहले लखनऊ के बल्लेबाज विपक्षी गेंदबाजों का कभी भी मजबूती से जवाब देते नहीं दिखे। कगिसो रबाडा (1-54) ने मिचेल मार्श (11 रन, चार गेंद, एक छक्का, एक चौका) को दूसरे ही ओवर में लौटाकर शुरुआत बिगाड़ी तो एक भी बड़ी भागीदारी विकसित नहीं हो सकी। ओपनर एडेन मार्करम (30 रन, 21 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्हें छोड़ दें तो कप्तान ऋषभ पंत (18 रन, 11 गेंद, एक छक्का, दो चौके) सहित अन्य कोई बल्लेबाज 20 रनों तक नहीं पहुंच सका।

प्रसिद्ध ने सर्वोच्च स्कोरर मार्करम सहित 4 बल्लेबाजों को लौटाया

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ प्रसिद्ध की बात करें तो उन्होंने मार्करम के अलावा आयुष बदोनी (नौ रन), दूसरे सर्वोच्च स्कोरर निकलस पूरन (19 रन, 21 गेंद, दो छक्के) व झुंझुनू के युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी (18 रन, 14 रन, एक छक्का, एक चौका) को निबटाया। यह मुकुल ही थे, जिन्होंने तीन दिन पहले कोलकाता में अर्धशतकीय प्रहार के बीच अंतिम गेंद पर जरूरी एक रन लेकर लखनऊ की जीत सुनिश्चित की थी। प्रसिद्ध को मोहम्मद सिराज (1-9) व  अशोक शर्मा (2-32) का भी अच्छा साथ मिला।

सोमवार का मैच : सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स (हैदराबाद, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version