Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : श्रेयस व प्रियांश ने म्हात्रे के तूफानी पचासे पर पानी फेरा, CSK पर पंजाब किंग्स की श्रेष्ठता बरकरार

Social Share

चेन्नई, 3 अप्रैल। इसमें कोई शक नहीं कि मुंबई के 18 वर्षीय किशोर आयुष म्हात्रे के तूफानी पचासे (73 रन, 43 गेंद, पांच छक्के, छह चौके) की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने शुक्रवार की रात यहां टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में पांच विकेट पर 209 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

लेकिन 200+ के लक्ष्य का पीछा करने के मामले में पंजाब को यूं ही किंग्स नहीं कहा जाता। ओपनर प्रियांश आर्य (39 रन, 11 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) व कप्तान श्रेयस अय्यर (50 रन, 29 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) ने ऐसा गदर काटा कि सीएसके के गेंदबाज असहाय नजर आए और मेहमानों ने 18.4 ओवरों में पांच विकेट पर 210 रन बनाकर पांच विकेट की प्रभावी जीत हासिल कर ली।

200+ का पीछा करते हुए PBKS की नौवीं जीत

आंकड़ों पर गौर करें तो यह नौवां मौका था, जब पंजाब किंग्स (PBKS) ने 200 से ज्यादा रनों का पीछा करते हुए जीत हासिल की। इसके साथ ही पंजाब की टीम ने यहां एम.ए. चिदांबरम स्टेडियम में भी श्रेष्ठता बरकरार रखी और सीएसके पर लगातार चौथी व कुल छठी जीत दर्ज की।

पंजाब किंग्स लगातार दूसरी जीत से शीर्ष पर

मौजूदा संस्करण की बात करें तो पंजाब किंग्स लगातार दूसरी जीत से अंक तालिका में शीर्ष पर जा पहुंचा है। उसने अपने पहले मैच में घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटंस को शिकस्त दी थी। वहीं सीएसके लगातार दूसरी पराजय से दसवें व अंतिम स्थान पर जा खिसका है। पहले मैच में उसे राजस्थान रॉयल्स ने अपने दूसरे घरेलू मैदान (गुवाहाटी) पर हराया था।

स्कोर कार्ड

देखा जाए तो पंजाब के शीर्षक्रम बल्लेबाजों ने विशाल लक्ष्य के बावजूद संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरूआत दी। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ प्रियांश आर्य व श्रेयस के अलावा प्रभसिमरन सिंह (43 रन, 34 गेंद, एक छक्का, छह चौके) और पिछले मैच के ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कूपर कोनोली (36 रन, 22 गेंद, छह चौके) ने भी दल को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

प्रियांश व प्रभसिमरन ने 26 गेंदों पर जड़ दिए 61 रन

दरअसल, आर्य ने शुरुआत में ही चेन्नई के गेंदबाजों को दबाव में ला दिया। वह नौ गेंदों पर अपने 33 रन उड़ा चुके थे, जब पंजाब किंग्स ने चौथे ओवर में 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। आर्य और प्रभसिमरन ने सिर्फ 26 गेंदों पर 61 रनों की साझेदारी की।

श्रेयस ने वढेरा संग 32 गेंदों पर जोड़े 59 रन

आर्य व प्रभसिमरन के बाद कोनोली जब 12वें ओवर में 127 के स्कोर पर अंशुल कम्बोज (2-43) के शिकार बने तो श्रेयस की बारी आई, जिन्होंने धीमी शुरूआत के बाद हाथ खोलने शुरू किये। नेहल वढेरा (10 रन, नौ गेंद, एक छक्का) संग 32 गेंदों पर 59 रनों की साझेदारी के बीच अय्यर ने अंशुल को चौका लगाने के साथ 26 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसी गेंदबाज पर विकेट गंवा बैठे। अगले ओवर में मैट हेनरी (2-54) ने वढेरा को भी पैवेलियन भेजा, लेकिन तब तक पंजाब की जीत औपचारिकता मात्र बची थी।

म्हात्रे व ऋतुराज के बीच 55 गेंदों पर 96 रनों की भागीदारी

इससे पहले सीएसके के दमदार ओपनर संजू सैमसन (सात रन) ने फिर निराश किया। लेकिन म्हात्रे ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (28 रन, 22 गेंद, दो चौके) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों पर 96 रनों की जबर्दस्त साझेदारी कर दी।

लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने खुद से 17 वर्ष छोटे इस बल्लेबाज को लगातार गुगली डालकर फांसने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। हालांकि 29 गेंदों पर पचासा जड़ने वाले म्हात्रे को दो जीवनदान भी मिले। वह अंतत: विजयकुमार विशाख (2-38) की गेंद पर खराब शॉट खेलकर शॉर्ट थर्डमैन में चहल को कैच देकर लौटे।

सरफराज व शिवम ने चेन्नई को 200 के पार पहुंचाया

उधर गायकवाड़ को चहल आउट कर चुके थे और 20 रनों के भीतर तीन विकेट गिरने का यह असर हुआ कि चेन्नई की टीम दसवें से 15वें ओवर के बीच सिर्फ 45 रन बना सकी। खैर, शिवम दुबे (नाबाद 45 रन, 27 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) व सरफराज खान (32 रन, 12 गेंद, एक छक्का, छह चौके) ने तेज हाथ दिखाए और अंतिम पांच ओवरों में जुड़े 64 रनों के सहारे टीम 210 रनों का लक्ष्य रखने में सफल रही। हालांकि बाद यह लक्ष्य भी नाकाफी साबित हुआ।

मौजूदा सत्र का पहला डबल हेडर आज

इस बीच आईपीएल के मौजूदा सत्र का पहला डबल हेडर शनिवार को होना है। अपराह्न 3.30 बजे से राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली कैपिटल्स व मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान रॉयल्स मुकाबला अहमदाबाद में शाम 7.30 बजे से होगा।

Exit mobile version