Site icon Revoi.in

मध्य प्रदेश : शिवराज के मंत्री ने की दिग्गी राजा की तारीफ, कहा – दिग्विजय सिंह सीएम होते तो नहीं जाती कांग्रेस की सरकार

Social Share

भोपाल, 18 दिसम्बर। मध्य प्रदेश के राजस्व और परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि अगर दिग्विजय सिंह कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री होते तो शायद सरकार नहीं जाती। दिग्विजय सिंह और कमलनाथ की कार्यशैली में बहुत अंतर है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ के स्वभाव ने कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया है।

बता दें कि बीते शनिवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह सागर जिले के खुरई पहुंचे थे। वहां उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मैं भूपेंद्र सिंह को सज्जन व्यक्ति मानता था लेकिन यहां तो नजारा ही कुछ और है।

दिग्विजय ने यह भी कहा कि अगर मैं भूपेंद्र सिंह के खिलाफ षड्यंत्र करता तो भूपेंद्र भूपेंद्र ना होते। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर भूपेंद्र सिंह जो अत्याचार कर रहे हैं वह हम बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं और यदि कांग्रेस में कोई योग्य उम्मीदवार भूपेंद्र के खिलाफ नहीं मिला तो मैं ही विधानसभा चुनाव लडूंगा। दिग्विजय ने कहा कि राजनीतिक द्वेष के चलते सागर जिले में कार्यकर्ताओं के ऊपर झूठे मामले बनाए जा रहे हैं। ऐसा 50 साल की राजनीति में कभी नहीं हुआ।

हैरत की बात यह है कि इसके थोड़ी देर बाद ही प्रदेश सरकार के राजस्व और परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह अगर मुख्यमंत्री होते तो शायद कांग्रेस की सरकार नहीं जाती। उन्होंने दिग्विजय सिंह को एक ऐसा पेड़ बताया जो वक्त के अनुसार झुक जाता है और कमलनाथ को वटवृक्ष कहा। उन्होंने दिग्विजय सिंह को जमीनी नेता बताया और कहा कि आज भी वे प्रदेश के दौरे करते हैं जबकि कमलनाथ हवाई दौरे करते हैं।