Site icon Revoi.in

मैनपुरी उपचुनाव के लिए शिवपाल यादव बोले – ‘डिंपल हमारी बहू है, उनके लिए सभी को मेहनत करनी है’

Social Share

मैनपुरी, 16 नवम्बर। समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई मैनपुरी सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए शिवपाल यादव ने भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने बुधवार को कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई और इसमें मैनपुरी उपचुनाव के लिए अपनी रणनीति का खुलासा करते हुए स्पष्ट तौर पर कहा, ‘डिंपल यादव हमारी बहू हैं। उनके लिए सभी को मेहनत करनी है। उनके लिए हम सभी को मिलकर लगना है।’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 24 घंटे पूर्व ही चाचा को घोषित किया था स्टार प्रचारक

इससे पहले सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के नामांकन से दूर रहने के कारण शिवपाल को लेकर तरह तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं। हालांकि रामगोपाल यादव ने डिंपल के नाम पर शिवपाल की सहमति की बात भी कही थी। मंगलवार को ही पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल को सपा का स्टार प्रचारक भी घोषित किया था। शिवपाल के नए रुख से लगता है कि सपा प्रत्याशी डिंपल को लेकर लगाई जा रही तरह तरह की आशंकाओं पर ब्रेक लग गया है।

बताया जा रहा है कि बुधवार को सैफई में शिवपाल सिंह की कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग हुई। बैठक में मैनपुरी से डिंपल की उम्मीदवारी और उनके समर्थन पर चर्चा हुई। बैठक के बाद पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि शिवपाल सिंह यादव ने डिंपल का समर्थन करने को कहा है। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा, ‘शिवपाल सिंह का आदेश है कि बहू डिंपल के लिए वोट करो, वो हमारी बहू हैं, उनके लिए लगना है।’

तेज प्रताप यादव बोले – पूरा परिवार एकजुट, भाजपा वाले बातों को हवा दे रहे

इससे पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने कहा कि पूरा परिवार एकजुट है, वो स्टार प्रचारक हैं। कहीं किसी तरह की कोई बात नहीं है। भाजपा के लोग तरह-तरह की बातों को हवा दे रहे हैं। उनको जिताने के लिए सभी लोग एक साथ हैं। संभव है कि कल से प्रचार में उतरेंगे।

शिवपाल के करीबी रघुराज शाक्य से डिंपल का मुकाबला

उल्लेखनीय है कि मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी संसदीय सीट खाली हुई है। यहां उपचुनाव पांच दिसम्बर को होंगे और परिणाम की घोषणा आठ दिसम्बर को की जाएगी। यहां सपा का भाजपा से सीधा मुकाबला है। अखिलेश की पत्नी डिंपल के सामने भाजपा ने रघुराज शाक्य को मैदान में उतारा है। रघुराज शाक्य को राजनीति में मुलायम सिंह यादव ही लेकर आए थे। उनकी गिनती शिवपाल के भी करीबी लोगों में होती है। रघुराज शाक्य सपा के ही टिकट पर दो बार सांसद और एक बार विधायक भी बने थे। बुधवार को नामांकन से पहले उन्होंने मुलायम की समाधि पर जाकर उन्हें नमन भी किया था।