Site icon Revoi.in

शशि थरूर बोले – कांग्रेस के संगठनात्मक नेतृत्व में सुधार समय की मांग, पार्टी में फिर से जान फूंकने की जरूरत

Social Share

नई दिल्ली, 13 मार्च। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा है कि देश में कांग्रेस आज भी सबसे विश्वसनीय विपक्षी दल है और इसलिए इसके संगठनात्मक नेतृत्व में सुधार और पार्टी में नई जान फूंकने की जरूरत है।

दिलचस्प यह रहा कि सोनिया गांधी की अध्यक्षता में रविवार को ही कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक संपन्न हुई, जिसमें पांच राज्यों के हालिया विधानसभा चुनावों के नतीजों और कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन पर विचार मंथन हुआ।

थरूर ने सीडब्ल्यूसी की बैठक के दौरान ही देश में विभिन्न दलों के विधायकों की संख्या वाला एक चार्ट साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘यही वजह है कि कांग्रेस सबसे विश्वसनीय राष्ट्रीय विपक्षी पार्टी बनी हुई है। इसीलिए सुधार और नई जान फूंकनी जरूरी है।’

लोकसभा सदस्य थरूर ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी शिकस्त के बाद कहा कि अब समय आ गया है कि ‘आइडिया ऑफ इंडिया’ (भारत के विचार) पर फिर से जोर दिया जाए और पार्टी के संगठनात्मक नेतृत्व में इस तरह से सुधार किया जाए, जो लोगों को प्रेरित कर सके।

अगर हमें सफल होना है तो बदलाव अपरिहार्य है

थरूर ने ट्वीट किया, ‘जो लोग कांग्रेस में विश्वास करते हैं, वो इन विधानसभा चुनावों के नतीजों से आहत हैं। अब समय आ गया है कि भारत के विचार पर फिर से जोर दिया जाए, जिसको लेकर कांग्रेस खड़ी रही है। संगठनात्मक नेतृत्व में इस तरह से बदलाव किया जाए, जो इन विचारों की लौ फिर से जला सके और लोगों को प्रेरित कर सके।’ उन्होंने यह भी कहा, ‘एक चीज स्पष्ट है कि अगर हमें सफल होना है तो बदलाव अपरिहार्य है।’