Site icon hindi.revoi.in

Share Market : हल्की बढ़त के साथ खुला भारतीय शेयर बाजार, आईटी शेयरों में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 186 अंक चढ़ा

Social Share

मुंबई, 16 जुलाई। वैश्विक बाजारों से मिले मिलेजुले संकेतों के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 186 अंक (0.24%) की बढ़त के साथ 77,388 पर खुला, जबकि निफ्टी 63 अंक (0.26%) चढ़कर 24,142 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया।

बाजार की शुरुआती तेजी का नेतृत्व आईटी सेक्टर ने किया। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 1.80 फीसदी की बढ़त के साथ सबसे बड़ा गेनर रहा। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कंजम्प्शन, मीडिया, ऑटो, मैन्युफैक्चरिंग, सर्विसेज, फार्मा, एफएमसीजी, मेटल, कमोडिटीज और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली।

हालांकि, निफ्टी इंडिया डिफेंस, रियल्टी और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स दबाव में रहे और लाल निशान में कारोबार करते दिखे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में एचसीएल टेक, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, ट्रेंट, टाइटन, टीसीएस, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंडिगो, बजाज फाइनेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई।

वहीं एक्सिस बैंक, इटरनल, सन फार्मा, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, एसबीआई और एलएंडटी के शेयरों में कमजोरी देखने को मिली।बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता और वैश्विक बाजारों के संतुलित रुख से भारतीय बाजार को समर्थन मिला है। इसके अलावा, आने वाले दिनों में विभिन्न कंपनियों के पहली तिमाही (Q1) के नतीजे जारी होने हैं, जिनका असर बाजार की आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

एशियाई बाजारों में भी मिलाजुला रुख देखने को मिला। टोक्यो, शंघाई और सोल के बाजार गिरावट में रहे, जबकि हांगकांग, बैंकॉक और जकार्ता के सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। दूसरी ओर, अमेरिकी बाजार बुधवार को मजबूती के साथ बंद हुए। डाओ जोन्स 0.29 फीसदी और नैस्डैक 0.62 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। विदेशी निवेशकों का रुख अभी भी सतर्क बना हुआ है। बुधवार को एफआईआई ने 735.83 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की, जबकि डीआईआई ने 704.93 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को समर्थन दिया।

Exit mobile version